Lovlina Borgohain की सेमीफाइनल में एंट्री, CWG 2026 में भारत के लिए पहला Medal पक्का कर अब Gold पर नजर

Lovlina Borgohain
प्रतिरूप फोटो
X @himantabiswa
Ankit Jaiswal । Jul 24 2026 6:55PM

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में 75 किलोग्राम वर्ग के ड्रा विश्लेषण से स्पष्ट है कि लवलीना बोरगोहाईं ने बिना किसी शुरुआती बाधा के पदक सुनिश्चित कर अपनी श्रेष्ठता प्रमाणित की है। अब उनकी चुनौती सेमीफाइनल में पदक का रंग बदलने की होगी, जहां उनका अनुभव और तकनीकी परिपक्वता स्वर्ण पदक की राह में निर्णायक भूमिका निभाएगी। कॉमनवेल्थ गेम्स भारत गोल्ड मेडल लवलीना बोरगोहाईं मुक्केबाजी

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई हैं। देश की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाईं ने महिलाओं के 75 किलोग्राम भार वर्ग में सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश हासिल कर भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित कर दिया हैं। बता दें कि मुक्केबाजी प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सभी खिलाड़ियों का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाता है।

मौजूद जानकारी के अनुसार महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में केवल पांच मुक्केबाजों की चुनौती थी। इसी कारण लवलीना बोरगोहाईं को पहले दौर में मुकाबला नहीं खेलना पड़ा और उन्हें सीधे अंतिम चार में जगह मिल गई। इसके साथ ही उनका राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतना तय हो गया है।

अब लवलीना बोरगोहाईं का अगला मुकाबला 31 जुलाई को तुवालु की मुक्केबाज टीकेबीपी ताफाकी के खिलाफ होगा। इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली खिलाड़ी सीधे स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचेगी। ऐसे में भारतीय मुक्केबाज के पास कांस्य से आगे बढ़कर रजत या स्वर्ण पदक जीतने का शानदार अवसर रहेगा।

गौरतलब है कि 28 वर्षीय लवलीना बोरगोहाईं भारतीय मुक्केबाजी की सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप, एशियाई खेल और एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भी उन्होंने कई पदक अपने नाम किए हैं। हालांकि राष्ट्रमंडल खेलों का पदक अब तक उनकी उपलब्धियों की सूची में शामिल नहीं था।

इस बार ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने वह कमी भी पूरी कर ली हैं। अब उनके पास अपने पहले राष्ट्रमंडल खेल पदक का रंग बदलने का मौका है। भारतीय खेल प्रेमियों और खेल विशेषज्ञों को उम्मीद है कि लवलीना अपने अनुभव और शानदार तकनीक के दम पर सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल तक पहुंचेंगी।

बता दें कि भारतीय दल के लिए राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत सकारात्मक रही है। लवलीना के पदक पक्का करने से अन्य खिलाड़ियों का भी मनोबल बढ़ेगा। आने वाले दिनों में पैरा भारोत्तोलन, तैराकी, जिम्नास्टिक और अन्य खेलों में भी भारत को पदक की उम्मीदें हैं। ऐसे में भारतीय दल इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक तालिका में मजबूत स्थिति बनाने की कोशिश करेगा, जबकि लवलीना बोरगोहाईं की नजर अब सीधे स्वर्ण पदक जीतकर देश को बड़ी सफलता दिलाने पर टिकी हुई हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़