By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
इस्तांबुल, नौ नवंबर (एपी) तुर्किये के एक इस्पात संयंत्र में सोमवार को हुए भीषण विस्फोट और उसके बाद आग लगने से 16 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में कहा कि इजमिर प्रांत के अलीआगा में स्थित हाबास संयंत्र में आग लगने से 13 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
एर्दोआन ने कहा, विस्फोट की घटना की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, जिसने हमारे देश को गहरा दुख पहुंचाया है। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि इसमें किसकी लापरवाही थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
प्रांतीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि बॉयलर बदलने के दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई, जिससे विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा कि बॉयलर बदलने के कारण उत्पादन बंद था, इसलिए घटनास्थल के आसपास आमतौर पर मौजूद 300 कर्मचारियों के बजाय 200 कर्मचारी ही थे। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हाबास संयंत्र की स्थापना 1987 में हुई थी और इसकी इस्पात उत्पादन क्षमता सालाना 45 लाख टन है।