त्विषा शर्मा मौत मामला: एम्स दिल्ली की रिपोर्ट में जिम्नास्टिक बेल्ट पर मिले त्वचा के ऊतक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 12, 2026

पूर्व मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत के मामले में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, एम्स के मेडिकल बोर्ड ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी रिपोर्ट में पुष्टि की है कि घटना में जिम्नास्टिक बेल्ट का इस्तेमाल किए जाने की पूरी आशंका है। प्रयोगशाला जांच में इस बेल्ट पर मृतका की त्वचा के ऊतक (स्किन टिश्यू) पाए गए हैं, जो उनकी गर्दन पर मिले चोट के निशान और पैटर्न से मेल खाते हैं।

एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि मेडिकल बोर्ड ने इस निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बेहद बारीकी से वैज्ञानिक जांच की है। उन्होंने कहा कि यह विस्तृत राय पूरी तरह से वैज्ञानिक आधारों पर तैयार की गई है, जो सीबीआई और न्यायपालिका के लिए सच्चाई और न्याय के हित में बेहद मददगार साबित होगी। हालांकि, अदालत के आदेशों के कारण उन्होंने इस रिपोर्ट के बारे में और अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।

त्विषा शर्मा की शादी पिछले साल दिसंबर में वकील समर्थ सिंह से हुई थी। इसके बाद, बीती 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला था। मामले की दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, समर्थ उन्हें अस्पताल ले गया था और दावा किया था कि त्विषा ने रात को करीब 10 बजकर 20 मिनट पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि त्विषा को मृत अवस्था में लाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने मेडिको-लीगल मामला दर्ज किया था।

त्विषा के परिजनों का आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं होने के कारण ससुराल वाले उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और उनके साथ घरेलू हिंसा की जा रही थी। परिजनों के मुताबिक, घटना की रात 9 बजकर 41 मिनट पर त्विषा ने अपनी मां से बात की थी, जिस दौरान समर्थ के चिल्लाने की आवाज आई और फोन कट गया था। बाद में कई प्रयासों के बाद जब फोन उठा, तो त्विषा की सेवानिवृत्त जज सास गिरीबाला सिंह ने सिर्फ इतना कहा कि 'वह अब नहीं रही' और फोन काट दिया। शुरुआती जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार ने हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।

प्रमुख खबरें

NASCAR Cup Series: क्षतिग्रस्त कार के बावजूद Ryan Blaney ने जीता Atlanta मुकाबला, Bubba Wallace को लगा झटका

Volkswagen CEO का अल्टीमेटम: लागत कम नहीं हुई तो जाएगी 50,000 Jobs, यूनियन के विरोध के बीच कंपनी का Mega Plan

Balogun Controversy: Donald Trump की पैरवी और FIFA की मेहरबानी भी नहीं आई काम, Belgium ने अमेरिका को चटाई धूल

Cricket News: इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे से पहले टीम इंडिया में बदलाव, Prince Yadav और Ravi Bishnoi को मिला मौका