By अंकित सिंह | Sep 17, 2026
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें एक ऐसा नेता बताया जो एक मज़बूत भारत बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। 17 सितंबर को पीएम मोदी 76 साल के हो गए। इस मौके पर कई बड़े राजनेताओं और अभिनेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस बीच, पूरे तमिलनाडु में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मोदी का जन्मदिन 'सेवा दिवस' के तौर पर मनाया। इन कार्यक्रमों में मंदिरों में पूजा-अर्चना, बुजुर्गों के लिए मेडिकल कैंप और सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह शामिल थे। बीजेपी की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री का जन्मदिन वाला महीना 'सेवा माह' के तौर पर मना रही है। मारुंडीश्वर मंदिर में कार्यकर्ताओं ने मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हम सभी बहुत खुश हैं कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री का जन्मदिन 'सेवा माह' के तौर पर मनाया जा रहा है। आज हमने आनंद कराथे त्यागराजन और ज़िला अध्यक्ष कुमार के नेतृत्व में मारुंडीश्वर मंदिर से इसकी शुरुआत की है। सबसे पहले, हमने मारुंडीश्वर मंदिर में अपने माननीय प्रधानमंत्री की लंबी और स्वस्थ उम्र के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने आगे कहा कि बुजुर्गों को मेडिकल मदद और तोहफ़े दिए गए, साथ ही सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। हमने मेडिकल कैंप और तोहफ़ों के ज़रिए बुजुर्गों की सेवा की और उन्हें अच्छा खाना खिलाया। और सफाई कर्मचारी भाई-बहनों को हमने कुछ तोहफ़े देकर अपना प्यार और स्नेह जताया; हम सभी उनके साथ बैठकर खाना भी खाया।