By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 12, 2026
मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई और छह से आठ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीएमसी ने इससे पहले कहा था कि घटना घाटकोपर के पड़ोसी इलाके कुर्ला में हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में सोहेल अंसारी (18) के सिर पर और मोहम्मद अंसारी (14) की पीठ पर चोट आई है। दोनों का कुर्ला स्थित भाभा अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।
मुंबई की महापौर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और उन्होंने वहां जारी खोज एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल तक पहुंचने के संकरे रास्तों ने बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भूस्खलन के दौरान विशाल चट्टानों ने कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता इतना संकरा है कि एक बार में केवल एक ही व्यक्ति प्रवेश कर सकता है, जिससे बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘वहां चलने तक के लिए जगह नहीं है। बमुश्किल एक व्यक्ति एक बार में गुजर सकता है और दो लोग आमने-सामने खड़े भी नहीं हो सकते।’’ अधिकारी ने बताया कि संकरी जगह के कारण मौके पर मशीनरी तैनात करने की कोई गुंजाइश नहीं है, जिससे बचाव अभियान और भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘महज तीन से साढ़े तीन फुट की संकरी गलियों के कारण, मलबे को रेकर (एक तरह की क्रेन) की मदद से हटाया जा रहा है और फिर बाल्टी के सहारे हाथों से बाहर निकाला जा रहा है।