बिहार में दो परिवारों के बच्चों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 07, 2025

बिहार के नालंदा जिले में दो परिवारों के बच्चों के बीच हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और इस दौरान हुई गोलीबारी में 22 वर्षीय युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नालंदा के पुलिस उपाधीक्षक राम दुलार प्रसाद ने कहा, ‘‘घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है।’’

प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान ओम प्रकाश पासवान की बेटी अन्नू कुमारी और संतोष पासवान के बेटे हिमांशु कुमार (24) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने दावा किया कि दो परिवारों के बच्चों के बीच खेल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। मृतकों के परिवारों ने आपात स्थिति में इलाज की सुविधा न मिलने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह