दिल्ली के व्यापारी से 20 लाख रुपये की ठगी के आरोप में ओडिशा से दो लोग गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 08, 2025

कृषि उत्पाद बेचने वाली एक कंपनी के प्रतिनिधि बनकर एक चावल व्यापारी से 20 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को पकड़ा गया और उनकी पहचान लखनऊ निवासी बासुदेव स्वैन (35) तथा वाराणसी निवासी दीपक कुमार (40) के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिमी) भीष्म सिंह ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता ने उनकी साख पर भरोसा करते हुए उचित बिलों पर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के चावल की आपूर्ति की। हालांकि बाद में आरोपियों ने अपने फोन बंद कर दिए और संपर्क से बाहर हो गए।’’

उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद पता चला कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्तावेज मुहर जाली हैं तथा उनमें से कोई भी कंपनी से संबद्ध नहीं था। सिंह ने कहा कि आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा दिए गए बिल और जाली दस्तावेज पेश किए। सिंह ने बताया कि ‘स्मार्टवैल्यू लिमिटेड’ के अधिकृत प्रतिनिधि ने लिखित रूप से पुष्टि की है कि आरोपी किसी भी रूप में कंपनी से जुड़े नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘व्यापक तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के बाद टीम ने ओडिशा के भुवनेश्वर में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।’’ पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि वे आसानी से पैसा कमाने के लिए इस तरह के अपराध करते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए प्रतिष्ठित कंपनियों के जाली कागजात और मुहर बनाई थीं। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के सहयोगियों का पता लगाने और अन्य पीड़ितों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

इलेक्शन प्रोसेस में हस्तक्षेप नहीं...SC ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द करने के खिलाफ दायर याचिका खारिज की

INDIA Bloc Meeting में बना था Modi को घेरने का प्लान, मगर Omar Abdullah ने तो प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ कर दी

असम-नगालैंड के बीच दशकों का विवाद खत्म, तेल समझौता संपन्न, शाह ने पूर्वोत्तर का भाग्य ही बदल दिया

Bollywood Wrap-up: अक्षय कुमार-रवीना टंडन का धमाका से लेकर कंगना के पाकिस्तान प्रेम वाले बयान तक, आज की बड़ी खबरें