USA के Pennsylvania राज्य में नर्सिंग होम में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 24, 2025

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में स्थित एक नर्सिंग होम में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी, इमारत का एक हिस्सा ढह गया और आग लगने के बाद कई लोग अंदर फंस गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

घटना उस समय हुई जब कर्मचारियों का एक दल गैस रिसाव की जांच के लिए मौके पर मौजूद था। हालांकि, कई घंटे बाद भी विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं हुआ और न ही हताहतों की सटीक संख्या सामने आई है।

नर्सिंग होम से काले धुएं का बड़ा गुबार उठा। आपातकालीन कर्मी, दमकल गाड़ियां और एंबुलेंस वहां पहुंचीं। बक्स काउंटी के आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर लगभग दो बजकर 17 मिनट पर विस्फोट की सूचना मिली।

पेंसिल्वेनिया आपातकाल प्रबंधन एजेंसी की प्रवक्ता रूथ मिलर ने कहा कि उनकी एजेंसी को बताया गया है कि कुछ लोग इमारत का एक हिस्सा ढहने के कारण अंदर फंसे हुए हैं।

घटनास्थल के पास रहने वाले एक व्यक्ति विली टाय ने कहा कि वह अपने घर पर टीवी पर बास्केटबॉल मैच देख रहे थे तभी उन्होंने ‘‘ज़ोरदार धमाके’’ की आवाज सुना और जब वह बाहर देखने गए तो उन्होंने ‘‘हर तरफ आग’’ देखी और लोगों को इमारत से बाहर निकलते हुए देखा। विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं है।

स्थानीय गैस कंपनी पीईसीओ ने कहा कि उसके दल नर्सिंग होम में गैस रिसाव की गंध आने की शिकायत पर दोपहर दो बजे के बाद वहां पहुंचे थे। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘जब हमारे दल मौके पर थे, तभी नर्सिंग होम में विस्फोट हो गया।’’ यह नर्सिंग होम फिलाडेल्फिया से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।

प्रमुख खबरें

Shubman Gill की विराट कप्तानी, 154 रन बनाकर Sachin-Virat के Elite क्लब में हुए शामिल

Cristiano Ronaldo रहे फ्लॉप, World Cup के पहले मैच में पुर्तगाल को Congo ने दिया बड़ा झटका

Middle East संकट का भारत पर असर, Crude Oil Import बिल 82% बढ़ा, बिगड़ा बजट का गणित

Sanjay Rao के CEO बनते ही Bata India के निवेशकों की चांदी, एक दिन में शेयर ने लगाई 17% की छलांग