UAE के फुजैराह में भीषण सड़क हादसा, जान गंवाने वाले चौथे भारतीय की पहचान 13 साल के आतिफ के रूप में हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में कई वाहनों की टक्कर में मरने वाले 14 लोगों में से चौथे भारतीय की पहचान 13 वर्षीय लड़के के रूप में हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार तड़के हुए इस हादसे में ट्रक सहित 23 वाहन शामिल थे।

हादसे में 30 लोग घायल हो गए। यूएई के गृह मंत्रालय ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि पहचान की पुष्टि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पता चला है कि मृतकों में 10 अमीराती नागरिक और चार भारतीय नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि ‘‘घायलों में आठ अमीराती, जॉर्डन के दो नागरिक, सात भारतीय, दो पाकिस्तानी, मिस्र के तीन नागरिक, छह ओमानी और दो ब्राजीलियाई नागरिक शामिल हैं।’’ गल्फ न्यूज़ की खबर के अनुसार, गुजरात का रहने वाला आतिफ मोहम्मद इमरान मंसूर अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहा था, जो यूएई घूमने आए थे, तभी यह हादसा हुआ।

अन्य तीन भारतीय पीड़ितों, जिनकी पहचान पहले ही हो चुकी है, वे केरल के मलप्पुरम जिले के वेंगारा के एक ही परिवार के सदस्य थे। उनकी पहचान मुहम्मद असमिल, उनकी जुड़वां बहन मिसना जुबिन और उनके तीन साल के भतीजे मुहम्मद फयिस के रूप में हुई। इस बीच, दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने फुजैराह के अस्पतालों का दौरा किया, ताकि वे पीड़ितों के परिजनों से मिल सकें और घायल भारतीयों की स्थिति के बारे में जानकारी ले सकें।

भारतीय मिशन ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दुबई और उत्तरी अमीरात स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने आज फुजैराह के अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने सड़क दुर्घटना के पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और मौतों पर गहरी संवेदना व्यक्त की।’’ इसमें कहा गया है कि अधिकारी ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से भी मुलाकात की और इलाज करा रहे भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मिशन ने बताया कि वाणिज्य दूतावास की ओर से परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

शुरुआती जांच के अनुसार, शेख खलीफा बिन जायद रोड पर फुजैराह की दिशा में लगातार दो दुर्घटनाएं हुईं। पहली घटना में एक वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया। दूसरी घटना में, दो शिपिंग कंटेनर ले जा रहा एक ट्रक कई वाहनों से टकराने के बाद पलट गया।

प्रमुख खबरें

Birsa Munda जयंती कार्यक्रम में शामिल न होने पर BJP ने Congress को घेरा

Cyclone Murasu से आंध्र प्रदेश में 2,484 करोड़ का नुकसान, CM Naidu ने मांगी मदद

Pratapgarh में NDPS Act के तहत तस्कर की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

माओवादी हिंसा से देश मुक्त, आदिवासियों को मिला विकास: PM Modi