फोटोग्राफर से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने तक ऐसा रहा उद्धव ठाकरे का सफर, बागियों ने पूरा नहीं होने दिया कार्यकाल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 30, 2022

मुंबई। वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले तक बहुत लोगों ने नहीं सोचा होगा कि शिवसेना सुप्रीमो बाला साहेब ठाकरे के बेटे उद्धव ठाकरे पुरानी सहयोगी भाजपा के साथ दशकों पुराने गठबंधन को तोड़कर मुख्यमंत्री बनेंगे एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तथा कांग्रेस के साथ नामुमकिन माने जाने वाला गठबंधन कर सरकार का नेतृत्व करेंगे। पिता बाला साहेब ठाकरे के आक्रामक रुख के उलट मृदु भाषी माने जाने वाले उद्धव ने नवंबर 2019 में तीन पार्टियों के गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के मुखिया के तौर पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह परिवार के पहले सदस्य थे जिन्होंने कोई सार्वजनिक पद ग्रहण किया था। उनके पिता, जिन्होंने शिवसेना की स्थापना की थी ने कभी सार्वजनिक पद ग्रहण नहीं किया था लेकिन वर्ष 1995-99 में बनी पहली शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार को ‘‘रिमोट कंट्रोल’’ की भांति चलाया। 

उद्धव ठाकरे को 2001 में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया जबकि उनके चचेरे भाई राज ठाकरे को अधिक करिश्माई और आक्रामक नेता माना जाता था। उद्धव ठाकरे की इस पदोन्नति से अंतत: पार्टी में टूट हुई। वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यंत्री नारायण राणे ने भी राज ठाकरे का अनुकरण किया और वर्ष 2005 में शिवसेना से अलग हो गए। हालांकि, इस झटके के बावजूद शिवसेना अहम बृह्नमुंबई महानगरपालिका और ठाणे निगम चुनाव वर्ष 2002,2007, 2012 और 2017 में जीतने में सफल रही। वर्ष 2012 में जब बाल ठाकरे का निधन हुआ तो पार्टी के कई आलोचकों का कहना था कि शिवसेना समाप्त हो सकती है। लेकिन इन बातों को गलत साबित करते हुए उद्धव ठाकरे पार्टी को एकजुट रखने में सफल रहे।

उन्होंने इसके साथ ही सड़क पर लड़ने वाली पार्टी की पुरानी छवि में बदलाव ला कर शिवसेना को अधिक परिपक्व राजनीति दल बनाने पर जोर दिया। उद्धव ठाकरे वन्य जीव फोटोग्राफर हैं। महाराष्ट्र के कुछ किलों की उनकी तस्वीरें दिल्ली में स्थापित नए महाराष्ट्र सदन की दीवारों पर लगी हैं। वर्ष 2014 में जब शिवसेना और भाजपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा, तब उद्धव ठाकरे ने पार्टी के प्रचार की जिम्मेदारी संभाली और शिवसेना विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के बाद दूसरे सबसे बड़े दल के रूप में उभरा। हालांकि, बाद में शिवसेना ने दोबारा भाजपा से हाथ मिलाया और राज्य में सरकार बनाई। वर्ष 2019 में दोनों पार्टियां फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर अलग हो गईं और शिवसेना ने कांग्रेस और राकांपा से हाथ मिला लिया। 

इसे भी पढ़ें: अगर बागी विधायक भाजपा से समझौता करते हैं तो हम बाधा नहीं बनेंगे : संजय राउत 

ठाकरे ने पिछले हफ्ते फेसबुक लाइव पर कहा, ‘‘मैं जो भी करता हूं, चाहे इच्छा से या अनिच्छा से...मैं पूरी प्रतिबद्धता से करता हूं।’’ उनकी इस प्रतिबद्धता की उनके राजनीतिक करियर में भी परीक्षा होती रही। उन्होंने बाल ठाकरे के निधन के बाद पार्टी में बगावत होने पर शिवसेना में उतार-चढ़ाव को भी देखा। उनके कार्यकाल में कोरोना वायरस महामारी का सबसे बुरा दौर आया जिसमें उनके कार्य की प्रशंसा हुई। लेकिन शिवसेना नेताओं के एक धड़े ने शिकायत की कि मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष उनकी पहुंच से दूर हैं। कई शिवसेना नेता घोर विरोधी कांग्रेस और राकांपा से गठबंधन को भी लेकर असहज थे। इस बीच, ठाकरे ने स्पष्ट किया है कि भले ही उन्होंने मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया है लेकिन वह पार्टी मुख्यालय शिवसेना भवन में बैठेंगे और कार्यकताओं व नेताओं से मिलेंगे। अब यह देखना रोचक होगा कि क्या ठाकरे कमजोर हो चुकी पार्टी को फिर से मजबूत स्थिति में लाने में सफल होते हैं या नहीं।

प्रमुख खबरें

क्या Pakistan रोकेगा US-Iran युद्ध? Fuel संकट के बीच इस Diplomatic पहल पर टिकीं दुनिया की निगाहें

भगवा वस्त्र, हिंदू अस्मिता की बातें, मुस्लिम तुष्टीकरण के खिलाफ सीधी आवाज, बंगाल के लिए बीजेपी ने चुन लिया नया योगी

केवल हिंदू-बौद्ध-सिख ही...धर्म परिवर्तन के साथ ही खत्म हो जाएगा अनुसूचित जाति का दर्जा, SC का बड़ा फैसला

Indian Railways का नया Ticket Refund Policy, अब कैंसिलेशन पर लगेगा बड़ा झटका, जानें नए Rules