By अंकित सिंह | Mar 27, 2023
वीर सवरकर को लेकर राहुल गांधी भाजपा पर जबरदस्त तरीके से हमलावर रहते हैं। हाल में ही उन्होंने सावरकर को लेकर फिर से बयान दिया था। अब इसको लेकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती है। महाराष्ट्र मे महा विकास आघाड़ी के शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी को चेतावनी दे दी है। उद्धव ठाकरे ने साफ तौर पर कहा है कि वह हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर को अपना आदर्श मानते हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सलाह दी कि वह सावरकर का अपमान करने से बचें। महा विकास आघाड़ी (एमवीए) तीन दलों - शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) - का गठबंधन है।
आपको बता दें कि गुजरात में सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया। दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में माफी मांगने के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है और गांधी किसी से माफी नहीं मांगते हैं।’’ ठाकरे ने कहा कि उन्होंने गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कल अपनी प्रेसवार्ता में अच्छी बात कही। उन्होंने वैध सवाल उठाया कि 20,000 करोड़ रुपये किसके हैं? लेकिन सरकार जवाब नहीं देना चाहती।’’