By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 27, 2026
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सत्तारूढ़ टीवीके पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। उदयनिधि ने आरोप लगाया कि पार्टी के विधायक शासन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की तारीफ करने में अधिक व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने संदिग्ध तरीकों से अन्य राजनीतिक दलों के सदस्यों को अपनी पार्टी में शामिल किया है।
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की आलोचना करते हुए अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी का आरोप लगाया। साथ ही, सरकार के कार्यकाल में हुई कुछ घटनाओं का हवाला देते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उदयनिधि ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के सदस्य, खासकर मंत्री और विधायक, शासन से जुड़े गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय विजय की प्रशंसा करने में अधिक समय लगा रहे हैं।
उन्होंने मतदाताओं से आगामी उपचुनाव में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित धारापुरम सीट से द्रमुक उम्मीदवार सुगन्या का समर्थन करने की अपील की।