ब्रिटेन : ‘पार्टीगेट’ रिपोर्ट के बाद पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सांसद पद छोड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2023

लंदन। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार को संसद की सदस्यता से अचानक इस्तीफा दे दिया और दावा किया कि उन्हें ‘‘साजिश का शिकार’’ बनाया जा रहा है। उन्होंने एक संसदीय समिति के उस बयान के बाद यह कदम उठाया कि जॉनसन द्वारा अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में कोविड-19 की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन का उल्लंघन कर ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ (प्रधानमंत्री आवास) में पार्टियां आयोजित करने के मुद्दे पर संसद को गुमराह करने के मामले में प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: गोपनीय जानकारी संबंधी मामले में ट्रंप के खिलाफ अभियोग को सार्वजनिक किया गया

मिति इस बात का पता लगा रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान 10 डाउनिंग स्ट्रीट में लॉकडाउन से जुड़े नियम तोड़कर जिन पार्टियों का आयोजन किया, क्या उन्हें लेकर उन्होंने निचले सदन ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ को गुमराह किया। इस मामले को ‘‘पार्टीगेट’’ के नाम से जाना जाता है। जॉनसन ने संसदीय समिति की इस जांच को ‘‘उन्हें संसद से बाहर निकालने का प्रयास’’ करार दिया। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘समिति ने इस संबंध में अब तक एक भी सबूत पेश नहीं किया है कि मैंने जानबूझकर या लापरवाही से हाउस ऑफ कॉमन्स को गुमराह किया।’’ इससे पहले, शुक्रवार को उन्हें जांच समिति की रिपोर्ट की एक प्रति मिली, जो अभी प्रकाशित नहीं की गई है। पिछले साल मेट्रोपोलिटन पुलिस ने जॉनसन और तत्कालीन वित्त मंत्री ऋषि सुनक (अब प्रधानमंत्री) को कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान डाउनिंग स्ट्रीट में पार्टी के आयोजन को लेकर जुर्माना लगाया था, जिससे जॉनसन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए कानून तोड़ने के दोषी माने गए पहले प्रधानमंत्री बन गए थे। मार्च में विशेषाधिकार समिति को सौंपे गए साक्ष्य में जॉनसन ने संसद को गुमराह करने की बात स्वीकार की थी, लेकिन उन्होंने जानबूझकर ऐसा करने से इनकार किया था। पूर्व प्रधानमंत्री ने माना था कि पार्टी में जुटी भीड़ ने “सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन नहीं किया था।”

उन्होंने कहा कि पार्टी का आयोजन ‘‘आवश्यक’’ कार्यक्रम के तहत हुआ था और दावा किया कि इसके लिए पूर्व अनुमति ली गई थी। जॉनसन ने जोर देकर कहा कि उन्होंने अपने विवेक के अनुसार हमेशा दिशा-निर्देशों का पालन किया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने सांसद पद छोड़ने की घोषणा करते हुए एक लंबा और विस्फोटक बयान जारी किया। बयान में पूर्व प्रधानमंत्री ने खुद को ‘‘साजिश का शिकार’’ बताया और कहा कि यह सब ‘‘ब्रेक्जिट (यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने) की वजह से बदला लेने और 2016 के जनमत संग्रह को अंतत: पलटने’’ के लिए किया जा रहा है। जॉनसन ने प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले साल जब उन्होंने पद छोड़ा था तब ‘‘सरकार चुनावों में केवल कुछ ही अंक पीछे थी’’ लेकिन अब यह ‘‘फासला काफी बड़ा हो गया है’’।

पार्टीगेट पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने झूठ नहीं बोला और मुझे विश्वास है कि समिति यह बात जानती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘समिति अच्छी तरह से जानती है कि जब मैंने हाउस ऑफ कॉमन्स में बात की थी, तो मैं वही कह रहा था, जिसे मैं ईमानदारी से सच मानता था और जो मुझे किसी भी अन्य मंत्री की तरह कहने के लिए कहा गया था।’’ जॉनसन ने दावा किया कि समिति की रिपोर्ट ‘‘त्रुटियों और पूर्वाग्रहों से भरी हुई’’ है।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला