By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026
कीव, तीन नवंबर (एपी) दक्षिणी यूक्रेन में मानवीय सहायता केंद्र और एक आश्रय स्थल पर सोमवार को रूस की ओर से किए गए हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा कि रूसी हमले में सबसे पहले मानवीय सहायता सामग्री वितरित करने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक स्कूल की इमारत को निशाना बनाया गया और इसके बाद पास स्थित एक आश्रय स्थल पर भी हमला किया गया।
स्थानीय अधिकारियों द्वारा इंटरनेट पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय आपातकालीन बचावकर्मी इमारतों के मलबे में लोगों की तलाश के लिए टॉर्च का इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब भी करीब 20 लोग लापता हैं ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जापोरिज्जिया के एक सैन्य अधिकारी मायखाइलो सेमीकिन के अनुसार, सोमवार शाम को बचाव अभियान में बाधा आई, क्योंकि रूस के ड्रोन ने उसी इलाके में कई और हमले किए।
यूक्रेन के अन्य हिस्सों में भी अधिकारियों ने रूस की ओर से कई ड्रोन हमले किए जाने की जानकारी दी। इन हमलों में कम से कम 17 लोग घायल हो गए।