संयुक्त राष्ट्र ने श्रीलंका में हुए आतंकवादी हमलों की निंदा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 22, 2019

संयुक्तराष्ट्र। संयुक्तराष्ट्र ने श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर रविवार को गिरजाघरों और होटलों में हुए श्रृंखलाबद्ध धमाकों की निंदा की। संयुक्तराष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरेस ने कहा कि वह इस त्रासद धमाकों से शोक में हैं। श्रीलंका में आत्मघाती हमलों समेत आठ बम धमाके हुए। इनमें कोलंबो के संत एंथनी गिरजाघर, पश्चिम तटीय शहर नीगोम्बो के संत सेबस्टियन गिरजाघर और पूर्वी शहर बट्टीकलोआ के जिओन गिरजाघर के साथ ही कोलंबो के तीन पांच सितारा होटलों शांगरी-ला, सिनामोन ग्रैंड और किंग्सबरी को निशाना बनाया गया। इन हमलों में एक भारतीय और दो चीनी व्यक्ति समेत 215 लोग मारे गये।

गुतेरेस ने अपने प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक के जरिये एक बयान जारी कर कहा कि वह श्रीलंका में ईसाइयों के पवित्र दिन ईस्टर के मौके पर गिरजाघरों और होटलों पर हुए आतंकवादी हमलों से आहत हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों के पूजास्थलों की पवित्रता बनाये रखने का पक्ष लेते हैं। उन्होंने सभी दोषियों को सजा मिलने की उम्मीद जाहिर की। संयुक्तराष्ट्र महासचिव ने पीड़ितों के परिजनों तथा श्रीलंका के लोगों एवं वहां की सरकार के प्रति संवेदनाएं जाहिर की। उन्होंने इन हमलों के बाद श्रीलंका की सरकार और जनता की एकता की सराहना की।

 

इसे भी पढ़ें: श्रीलंका ने फर्जी खबरों को रोकने के लिए सोशल मिडिया पर लगायी पाबंदी

 

बयान में कहा गया की महासचिव इस मुश्किल घड़ी में श्रीलंका की सरकार एवं वहां के लोगों के प्रति संयुक्तराष्ट्र के समर्थन को दोहराते हैं। अभी तक किसी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि ऐसी खबरें हैं कि पुलिस ने इन हमलों के संबंध में 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट को-ऑर्डिनेटर (श्रीलंका) हाना सिंगर ने कहा कि संयुक्तराष्ट्र आम लोगों और श्रद्धालुओं पर हुए भयावह हमले की कड़ी निंदा करता है। पीड़ितों, परिवारों, सरकार और लोगों को गहरी संवेदनाएं। उन्होंने इस विपदा की घड़ी में श्रीलंका के लोगों से एकजुट होने की अपील भी की। संयुक्तराष्ट्र की आमसभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने आतंकवादी हमलों पर गहरा दुख जाहिर किया।

प्रमुख खबरें

Maharashtra : पानी की किल्लत से जूझ रहा जालना गांव, महिलाएं और बच्चे पानी की तलाश में भटकने को मजबूर

Vallabhacharya Jayanti 2024: श्रीकृष्ण के प्रबल अनुयायी थे श्री वल्लभाचार्य

Jharkhand Illegal Mining: न्यायालय ने सीबीआई जांच की अनुमति दी, लेकिन आरोप पत्र दाखिल करने से रोका

Hardeep Singh Nijjar Killing | हरदीप निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा पुलिस ने 3 भारतीयों को गिरफ्तार किया, तीनों हिट स्क्वाड का हिस्सा