Siddaramaiah के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर Bengaluru Police की कार्रवाई, दो हिरासत में

Siddaramaiah के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर Bengaluru Police की कार्रवाई, दो हिरासत में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक पोस्ट साझा करने के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। कांग्रेस नेता की शिकायत पर साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले पर विपक्षी नेताओं ने इसे स्टिंग ऑपरेशन बताते हुए जांच की मांग की है।

बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से मानहानिकारक पोस्ट साझा करने के मामले में पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सिद्धरमैया ने मंगलवार को अदालत से निषेधाज्ञा हासिल की थी जिसके तहत मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया मंचों को उनके खिलाफ मानहानिकारक वीडियो प्रसारित करने से रोक दिया गया था।

कांग्रेस नेता ने ‘झूठा दुष्प्रचार’ फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बेंगलुरु शहर की पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी। पूर्व मुख्यमंत्री की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

सूत्रों ने बताया कि जांच जारी होने के कारण उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है। यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता आर. अशोक एवं केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने इसे सिद्धरमैया के खिलाफ किया गया ‘स्टिंग ऑपरेशन’ बताया। कांग्रेस विधायक के. एन. राजन्ना ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ ‘स्टिंग ऑपरेशन’ किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया है।

कुमारस्वामी ने इस ‘स्टिंग ऑपरेशन’ की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़