अस्पताल में भर्ती केंद्रीय मंत्री पासवान की हालत स्थिर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2017

पटना। सांस लेने में दिक्कत होने के बाद गुरुवार देर शाम यहां एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराए गए केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान की हालत अब स्थिर है। यह जानकारी उनका उपचार कर रहे चिकित्सकों ने आज दी। पासवान को पारस एचएमआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की हृदय रोग विज्ञान इकाई के प्रमुख डॉक्टर प्रमोद कुमार ने कहा, ‘‘पासवान जी का स्वास्थ्य अब स्थिर है।’’

 

कुमार चिकित्सकों के उस दल में शामिल हैं जो 70 वर्षीय मंत्री के स्वास्थ्य पर नजदीक से नजर रख रहा है। मंत्री का उपचार कर रहे दल के एक अन्य सदस्य एवं एम्स पटना के डॉक्टर संजीव कुमार ने भी कहा कि पासवान का स्वास्थ्य अब स्थिर है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का एक दल उनका उपचार कर रहा है। पासवान के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) आरसी मीणा ने कहा कि पासवान का उपचार कर रहे चिकित्सकों की सिफारिशों के अनुसार मंत्री को दिल्ली ले जाने के संबंध में कोई भी निर्णय आज बाद में लिया जाएगा। लोजपा के प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने कहा कि पासवान का स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना पाने के बाद पार्टी कार्यकर्ता अस्पताल में एकत्र हो रहे हैं।

 

रामविलास के भाई एवं लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने बताया था कि केन्द्रीय मंत्री को सांस लेने में दिक्कत महसूस होने पर गुरुवार रात करीब 8.30 बजे अस्पताल लाया गया और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। केंद्रीय खाद्य एवं जनवितरण मंत्री पासवान इससे पहले राज्य के चार दिवसीय दौरे पर गुरुवार को यहां पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें पटना, खगड़िया, बेगूसराय एवं मोकामा में राजनीतिक प्रतिबद्धताओं को पूरा करना था। इसके बाद उन्हें 15 जनवरी को पटना में मकर संक्रान्ति पर भोज आयोजित करना था। एम्स पटना के डॉक्टर संजीव कुमार ने गुरुवार रात कहा था कि पासवान के शरीर में ऑक्सीजन की कमी के कारण उनके हृदय का बायां हिस्सा (लेफ्ट वेंट्रिकुलर फेलियर) प्रभावित हुआ था लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है। उपचार का उन पर असर हो रहा है। पासवान के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चिकित्सकों से स्वयं बात की। राज्यपाल रामनाथ कोविंद एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी पासवान के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रसाद अपने बेटों तेजस्वी यादव एवं तेज प्रताप यादव के साथ पासवान को देखने के लिए पारस अस्पताल गए।

 

 

प्रमुख खबरें

बांग्लादेशी नेता हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी भारत में शरण में, ढाका पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ट्रंप–जेलेंस्की मुलाकात से शांति की उम्मीद, यूक्रेन युद्ध पर निर्णायक बातचीत की तैयारी

कोल इंडिया की आठ सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में उतारेगी सरकार, पारदर्शिता पर जोर

IPO की तैयारी में Zepto, 10 मिनट डिलीवरी का स्टार्टअप बड़े दांव के लिए तैयार, शेयर बाजार में खलबली!