संयुक्त किसान मोर्चा का 75 घंटों का धरना शुरू : टिकैत बोले, किसानों के लिए लड़ाई जारी रहेगी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 19, 2022

लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), 19 अगस्त। तिकोनिया कांड मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में किसानों ने बृहस्पतिवार सुबह राजापुर मंडी समिति परिसर में 75 घंटे लंबा धरना शुरू किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी इस धरने में शामिल हुए। संयुक्त किसान मोर्चा ने ही तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमा पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। इसके बाद सरकार को वे तीनों कानून वापस लेने पड़े थे। टिकैत ने धरना-प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि किसानों को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन और संयुक्त किसान मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करेंगे क्योंकि इस विधेयक के कानून बन जाने से कृषि क्षेत्र पर बुरा असर पड़ेगा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष और इस धरने के स्थानीय संयोजक दिलबाग सिंह संधू ने बताया कि राकेश टिकैत, राष्ट्रीय संगठन सचिव भूदेव शर्मा तथा संगठन के अन्य प्रमुख नेता बुधवार को ही धरने के लिए यहां पहुंच गए थे। संयुक्त किसान मोर्चा के अन्य अनेक नेता भी इस 75 घंटे के धरने में शामिल होंगे। इस धरना प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन से इजाजत के सवाल पर संधू ने कहा कि उन्होंने इस बारे में प्रशासन को सूचित कर दिया था।

हालांकि, न तो कोई लिखित अनुमति मांगी गई और ना ही उन्हें मिली। धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों के बैठने के लिए मंडी समिति परिसर में छह शेड लगाए गए हैं। इनमें से एक शेड को मुख्य सभा स्थल में तब्दील किया गया है जबकि किसानों के लिए लंगर का इंतजाम भी किया गया है। पंजाब से आई महिलाएं और पुरुष प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन, चाय और पानी का इंतजाम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले साल तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी जिले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के गांव जा रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे का किसानों द्वारा विरोध करने के दौरान तिकोनिया गांव में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोग मारे गए थे। इस मामले में मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को बतौर मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है। किसानों की मांग है कि इस मामले को लेकर अजय मिश्रा को मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए।

प्रमुख खबरें

Chandauli में जनसेवा केंद्र संचालक से 6 लाख रुपये लूटे, Police ने चार आरोपियों को पकड़ा

हिरासत में अभिजीत दीपके, उधर गम में डूब गया उनका परिवार, क्या वापस लौटेंगे मुंबई?

Gen Z युवा तनाव छिपाने के लिए ले रहे AI Chatbots का सहारा, Health Experts ने दी चेतावनी

प्रोटेस्ट के बीच सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को दिल्ली पुलिस बस में भरकर कहां ले जा रही थी? तुरंत एक्शन में आए CJI सूर्यकांत