Unlock 5 के 41वां दिन: कोरोना टेस्ट के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2020

भारत कोविड-19 महामारी की जांच के लिहाज से 11.96 करोड़ जांच करके दुनिया में दूसरे नंबर पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को सुबह तक की गई कुल जांच में से 49 प्रतिशत रैपिड एंटीजन जांच हैं जबकि 46 प्रतिशत आरटी-पीसीआर जांच है। मंत्रालय ने कहा कि आज सुबह तक पांच प्रतिशत जांच सीबीएनएएटी और ट्रूनेट का इस्तेमाल करते हुए की गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत में इतनी बड़ी संख्या में की गई जांच के बावजूद संक्रमण दर घट रही है और यह 7.18 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते में 24 घंटे की संक्रमण दर 4.2 प्रतिशत थी। भूषण ने कहा, “भारत में अब तक 11.96 करोड़ कोविड-19 जांच की गई हैं जो दुनिया में दूसरी सबसे ज्यादा जांच है। पिछले हफ्ते रोजाना औसतन 11,18,072 नमूनों की जांच की गई।” उन्होंने कहा, “अगर हम पिछले दो हफ्तों के आंकड़ों को लें तो हम दुनिया के और किसी भी देश के मुकाबले ज्यादा जांच कर रहे हैं।” यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली सामुदायिक प्रसार के चरण में पहुंच गई है और क्या त्योहारों के दौरान मामले और बढ़ेंगे, भूषण ने कहा कि अगर त्योहारों या शादियों के समय लोग इकट्ठा होते हैं और कोविड-19 के मद्देनजर समुचित व्यवहार नहीं करते हैं तो, संक्रमण के प्रसार का जोखिम रहता है।

इसे भी पढ़ें: राजस्व घाटे की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने 14 राज्यों को जारी किए 6,195 करोड़ रुपए 

केरल में कोरोना संक्रमण के 6,010 नए मामले

केरल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,010 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 4,95,712 हो गए। राज्य में कोविड-19 से 28 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 1,742 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कोविड-19 के 6,698 और मरीज ठीक हो गए जिसके बाद ठीक होने वाले लोगों की संख्या 4,15,158 हो गई। वर्तमान में राज्य में 78,694 मरीजों का इलाज चल रहा है।

लोगों के ऑक्सीजन स्तर की अनिवार्य रूप से जांच करें कोविड केन्द्र: जैन

दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस से संबंधित मौतों में कमी लाने के लिये कोविड-19 जांच केन्द्रों को लोगों के ऑक्सीजन स्तर की अनिवार्य रूप से जांच करने का आदेश दिया है। साथ ही सरकार ने कहा है कि जिन लोगों का ऑक्सीजन स्तर 94 प्रतिशत से कम पाया जाए, तो उन्हें तुरंत चिकित्सक के पास जाने के लिए कहा जाए। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने नौ नवंबर के आदेश की एक प्रति मंगलवार को ट्विटर पर साझा की। उन्होंने ट्वीट किया, जान बचाने और कोविड-19 जटिलताओं से निपटने के लिये तत्काल और उचित इलाज कराया जाना काफी महत्वपूर्ण है। सभी आरएटी और आरटी-पीसीआर केन्द्रों को निर्देश दिया जाता है कि वे ऑक्सीजन के स्तर की जांच सुनिश्चित करें। जिन रोगियों का ऑक्सीजन स्तर 94 प्रतिशत से कम है, तो उन्हें तुरंत चिकित्सक के पास जाने के लिए कहा जाए। 

इसे भी पढ़ें: ब्राजील ने चौंकाते हुए अचानक कोविड-19 के चीनी टीके का परीक्षण रोका 

उत्तराखंड में कोविड-19 के 328 नए मामले

उत्तराखंड में मंगलवार को कोविड-19के 328 नए मामले सामने आये जबकि पाँच अन्य मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई। यहां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार 328 नए मरीजों के मिलने के साथ ही प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66005 हो गयी है। विभाग के अनुसार नये मामलों में से सर्वाधिक 130 मामले देहरादून जिले में सामने आये हैं जबकि हरिद्वार में 29,नैनीताल में 23, पौड़ी में 17और चमोली में सात मामले सामने आए हैं। विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में पाँच और कोविड-19 मरीजों की मौत हो गई। महामारी से अब तक प्रदेश में 1080 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में मंगलवार को 505 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अब तक कुल 60429 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 3955 है। प्रदेश में कोविड-19 के 541 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।

त्रिपुरा में कोरोना वायरस के 79 नए मामले

त्रिपुरा में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 79 और मामले सामने आए। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 31,622 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में फिलहाल 1257 लोग उपचाराधीन है जबकि 29,986 मरीज संक्रमण से उबर हो चुके हैं। वहीं 23 मरीज दूसरे राज्य चले गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई। राज्य में अभी तक संक्रमण से 356 लोगों की मौत हुई है। अधिकारी ने बताया कि अबतक कुल 4,81,809 नमूनों की जांच की जा चुकी है।    

प्रमुख खबरें

World Cup में USA को लगा बड़ा झटका, आखिरी मिनट के गोल से Turkey ने 3-2 से हराया

Welcome To The Jungle Review: थिएटर में ठहाके लगाने पर मजबूर करती है अहमद खान द्वारा डायरेक्टेड अक्षय कुमार स्टारर यह फिल्म

Muharram 2026: Ashura पर याद की जाती है Karbala की जंग, जानिए Imam Hussain के बलिदान की पूरी History

Prabhasakshi NewsRoom: जुबानी जंग के बीच तीसरे देश में India और Pakistan ने की गुप्त बातचीत