By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 09, 2023
नयी दिल्ली। बेमौसम बारिश, वाहन ऋण पर ऊंची ब्याज दर और नए नियामकीय मानदंडों के कारण बढ़ी लागत की वजह से वाहन उद्योग को चालू वित्त वर्ष में सतर्क रहने की जरूरत है।बेमौसम बारिश से विशेषरूप से ग्रामीण मांग प्रभावित हो रही है। वाहन डीलरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अनुसार, उद्योग की वृद्धि में गिरावट आने वाली है। वाहन उद्योग ने वित्त वर्ष 2022-23 में कुल खुदरा बिक्री में 21 प्रतिशत की दहाई अंक में वृद्धि दर्ज की। दो साल के अंतराल के बाद यह उद्योग के लिए कोविड-प्रभाव से मुक्त पहला वर्ष था। ऊंचे आधार प्रभाव के बीच चालू वित्त वर्ष में उद्योग की वृद्धि घटकर एक अंक पर आने की आशंका है।