By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने ग्रेटर नोएडा में अत्याधुनिक प्रगति रोबोटिक पार्क की स्थापना से जुड़े प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में उत्तर प्रदेश को आधुनिक प्रौद्योगिकी, औद्योगिक नवाचार और रोबोटिक विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने के मकसद से ग्रेटर नोएडा में ‘प्लेटफॉर्म फॉर रोबोटिक एंड एआई ग्रोथ थ्रू टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन’ (प्रगति) रोबोटिक पार्क की स्थापना का फैसला लिया गया। लगभग 69.52 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाला यह पार्क रोबोटिक कंपनियों, प्रौद्योगिकी स्टार्टअप, अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों को एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जोन-1 के लिए आठ एकड़ भूमि निर्धारित की गई है, जिसका विकास और संचालन सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर गठित विशेष प्रयोजन कंपनी (एसपीवी) के जरिये किया जाएगा। इसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इक्विटी हिस्सेदारी 26 प्रतिशत और चयनित औद्योगिक साझेदार की हिस्सेदारी 74 प्रतिशत होगी। जोन-2 के लिए 61.52 एकड़ भूमि आरक्षित की जाएगी।
इस क्षेत्र में निजी उद्यमों की ओर से निवेश कर औद्योगिक इकाइयों और संबंधित गतिविधियों का विकास किया जाएगा। जोन-2 के विकास के लिए राज्य सरकार पर कोई पूंजीगत दायित्व नहीं होगा।