UP MLC Elections: 11 सीटों पर सुबह 10 बजे तक 8.58 फीसदी वोटिंग दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और शुरुआती दो घंटों में 8.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन सीट में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम समाप्त हुआ था। लखनऊ में मतदान के लिए 259 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,16,491 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा।

इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी हैं, जबकि छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र राज्य के सभी 75 जिलों में फैले हुए हैं, लेकिन केवल पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डालने के पात्र हैं।

गौतमबुद्ध नगर जिले में मेरठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 13 मतदान केंद्रों में बनाए गए 42 बूथ पर मतदान जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12,754 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13,104 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में पाबंदियां लगाई गई हैं।

राजनीतिक दल इस दायरे के बाहर ही अपनी मेजें लगा सकते हैं और प्रतिबंधित क्षेत्र में पोस्टर, झंडे, लाउडस्पीकर एवं चुनाव प्रचार सामग्री ले जाने पर रोक है। बिना अनुमति वाहन खड़े करने और भीड़ जमा करने पर भी पाबंदी है। मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।

प्रमुख खबरें

रेहान वाद्रा की Photo Exhibition पर राजीव चंद्रशेखर ने उठाया सवाल, VD Satheesan पर लगाया पक्षपात का आरोप

Travel Tips: Manipur घूमने का प्लान है तो Imphal में Kangla Fort और Loktak Lake जरूर देखें

Delhi में बैठे बैठे मोदी ने Iraq में कर दिया खेल, India के पास अब तेल ही तेल

उत्तर प्रदेश MLC Election: वोटर लिस्ट में अजीब गलतियों पर EC ने सॉफ्टवेयर अनुवाद को बताया जिम्मेदार