अस्वस्थ हैं लालू प्रसाद यादव, कुशवाहा बोले- बेहतर उपचार की है आवश्यकता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 09, 2019

पटना। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने राजद, कांग्रेस, रालोसपा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर और विकासशील इंसान पार्टी के महागठबंधन को और भी सशक्त बनाने के लिए इसमें वामदलों को शामिल किए जाने की वकालत करते हुए रविवार को कहा कि इसके लिए प्रयास किया जाएगा। कुशवाहा ने रालोसपा के प्रदेश कार्यालय में आज यहां संवादाताओं को संबोधित करते हुए कहा  हमें राज्य में महागठबंधन का विस्तार करना है। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा कि वे उनकी कुशल क्षेम जानने के लिए रांची गए थे। लालू जी अस्वस्थ हैं और उन्हें बेहतर उपचार की आवश्यकता है।

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा बोले, दक्षिणपंथी उग्रवाद पर रोक लगाएं प्रधानमंत्री

उन्होंने आगे कहा कि मुलाकात के दौरान लालू जी से महागठबंधन को कैसे मजबूत किया जाए इस संबंध में बातचीत हुई थी। उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के घटक दलों ने बिहार की सभी 40 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ा था पर कांग्रेस ने एकमात्र सीट किशनगंज जीती थी। बिहार के पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा कि इन सीटों पर महागठबंधन के घटक दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पांच विधानसभा सीटें किशनगंज, नाथनगर, बेलहर, सिमरी बख्तियारपुर और दारौंदा के विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई हैं।

इसे भी पढ़ें: महागठबंधन में नहीं है सबकुछ ठीकठाक, RJD और HAM के बीच खिंची तलवारें

समस्तीपुर लोकसभा सीट सांसद रामचंद्र पासवान की मौत के कारण खाली हुई थी। कुशवाहा ने घोषणा की कि समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर महागठबंधन द्वारा पटना के बापू सभागार में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम के संयोजक होने के नाते इसमें भाग लेने के लिए वे वाम दलों के नेताओं को भी आमंत्रित करेंगे।

प्रमुख खबरें

Mehbooba Mufti को मत मांगने के लिए बच्ची का इस्तेमाल करने पर कारण बताओ नोटिस जारी

BSF के जवान ने अज्ञात कारणों के चलते BSF चौकी परिसर में फाँसी लगाकर की आत्महत्या

SP ने आतंकवादियों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने की कोशिश की, राम का अपमान किया: Adityanath

तापीय बिजली संयंत्रों के पास मानक के मुकाबले 68 प्रतिशत कोयले का भंडार: सरकारी आंकड़ा