By अंकित सिंह | Mar 11, 2025
राज्यसभा में मंगलवार को भारी हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर बहस छिड़ गई। हालांकि, इस दौरान खड़गे ने कुछ ऐसा कह दिया जिससे बवाल और बढ़ गया। दरअसल, राज्यसभा में नई शिक्षा नीति को लेकर बहस चल रही थी। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे धर्मेंद्र प्रधान की आलोचना कर कर रहे थे और जब उन्हें बोलने से रोका गया तो उन्होंने कहा, "यहां तानाशाही चल रही है।"
इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं आपसे (उपसभापति) माफी मांगता हूं, मैंने आपके लिए इन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया है। मैंने कहा है कि 'हम सरकार की नीतियों को ठोकेंगे'। मैं आपसे माफी मांगता हूं, सरकार से नहीं। मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और लोकसभा सीटों के परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सहित अन्य विपक्षी दलों ने मंगलवार को राज्यसभा में भारी हंगामा किया, जिसके कारण उच्च सदन की कार्यवाही शुरू होने के 20 मिनट बाद करीब 40 मिनट के लिए बाधित हुई। सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर उपसभापति हरिवंश ने आवश्यक दस्तावेज पटल पर रखवाने के बाद बताया कि कांग्रेस, द्रमुक, आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल (बीजद) सहित कुछ अन्य दलों के सदस्यों की ओर से नियम 267 के तहत कुल 21 नोटिस मिले हैं।