By अंकित सिंह | Apr 10, 2023
हाल में ही गुलाम नबी आजाद ने दावा किया था कि राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो कई व्यापारियों से मिलते हैं। हालांकि, उन्होंने अवांछनीय शब्द का प्रयोग किया था। अब इसी को लेकर भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गुलाम नबी आजाद के बहाने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वह विदेश में किनसे मुलाकात करते हैं। अपने बयान में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि गुलाम नबी आज़ाद ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो वह अवांछनीय व्यवसायी से मिलते थे। उन्होंने साफ तौर पर पूछा कि राहुल गांधी किस-किस से मिलते हैं? उनके मिलने का एजेंडा क्या होता है?
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जब भी वे विदेश से लौटते हैं तो उनका हमला भारत, PM मोदी के ऊपर और तेज़ हो जाता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी भारत विरोधी व्यवसायियों के साथ मिलकर देश को कमज़ोर करने का काम कर रहे हैं? भाजपा नेता ने कहा कि क्या राहुल गांधी ने बोफोर्स केस के खिलाफ कुछ कहा? क्या उन्होंने क्वात्रोची को जिस प्रकार से भगाया गया... उस पर कुछ कहा? उन्होंने सवाल किया कि नेशनल हेराल्ड केस... जिसमें वो खुद बेल पर हैं उस पर उनका क्या कहना है? राहुल गांधी का आखिर एजेंडा है क्या? उन्होंने कहा कि भाजपा अपेक्षा करती है कि ये कौन से व्यापारी हैं जिन से राहुल गांधी मिलते हैं और इनके बीच क्या 'विलिंग-डीलिंग' है।
वहीं, रविशंकर प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हाल के दिनों में लगातार इफ्तार पार्टियों में शामिल हो रहे हैं। इसी को भाजपा बड़ा मुद्दा बना रही है। रविशंकर प्रसाद ने का साफ तौर पर कहना है कि नीतीश कुमार जी आप क्या संदेश दे रहे हैं कि आपके गृह ज़िला नालंदा, सासाराम में अभी तक तनाव है। उन्होंने कहा कि वहां लोग परेशान हैं। इफ्तार करना आपका अधिकार है, आप टोपी भी पहनिए लेकिन आप संदेश क्या दे रहे। अच्छा होता कि आप इफ्तार भी खाते और नालंदा, सासाराम भी जाते और लोगों को मनाते। आपको बता दें कि रामनवमी के दौरान बिहार के दूसरे सासाराम और नालंदा में जमकर बवाल हुआ था। इसको लेकर बिहार के राजनीतिक लगातार गर्म है।