By अंकित सिंह | May 23, 2023
असम के मयूर हजारिका ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 में पांचवा रैंक हासिल किया है। वह टॉप पांच में शामिल एक मात्र पुरूष हैं। लगातार दूसरे वर्ष, महिलाओं ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। यूपीएससी द्वारा सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है,जिनमें अभ्यर्थियों को प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से गुजरना होता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।
मयूर हजारिका को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया कि 5 वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल करके आपने हम सभी को बहुत गौरवान्वित किया है। आपकी उपलब्धि शानदार है और हमारे युवाओं को सर्वश्रेष्ठ के लिए प्रेरणा देगी। अच्छा किया, और मेरा आशीर्वाद। असम के तेजपुर के रहने वाले हजारिका हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एचएसएलसी) और हायर सेकेंडरी (एचएस) परीक्षाओं में रैंक होल्डर थे। हजारिका पेशे से डॉक्टर हैं और असम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े हैं। उन्होंने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से एमबीबीएस पूरा किया।
हजारिका ने नागांव जिले के रामानुजन जूनियर कॉलेज से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की थी। पांचवीं रैंक हासिल करने पर मयूर हजारिका ने कहा कि मुझे इतने अच्छे नतीजे की उम्मीद नहीं थी, मैं इससे संतुष्ट हूं। मेरी पहली प्राथमिकता भारतीय विदेश सेवा(इंडियन फॉरेन सर्विस) है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा मंगलवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2022 के नतीजों में इशिता किशोर ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। परीक्षा के घोषित नतीजे के अनुसार, गरिमा लोहिया और उमा हरति एन ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। यूपीएससी ने कहा है कि 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है।