Ukraine Crisis को लेकर लगातार तीसरे दिन बैठक करेंगे अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 06, 2025

अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारी युद्ध के बाद यूक्रेन के लिए एक सुरक्षा तंत्र तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति के बाद वार्ताओं के तीसरे दिन फिर से बैठक करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकारों और यूक्रेनी अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वे रूस से शांति के लिए प्रतिबद्ध होने का आग्रह कर रहे हैं।

बयान में कहा गया है, “पक्षों ने अलग-अलग बैठकों में भविष्य के एजेंडे की भी समीक्षा की, जिसका उद्देश्य युद्ध के बाद यूक्रेन के पुनर्निर्माण, अमेरिका–यूक्रेन की संयुक्त आर्थिक पहलों और दीर्घकालिक परियोजनाओं को समर्थन देना है।

मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी दूतों के बीच हुई बातचीत के बाद अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर ने फ्लोरिडा में यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार रुस्तम उमेरोव से बातचीत की। पिछले कूटनीतिक प्रयास गतिरोध को तोड़ने में असफल रहे हैं और लगभग चार साल से युद्ध जारी है।

अधिकारियों ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी कि ताजा वार्ताएं कैसी चल रही हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि फ्लोरिडा में मौजूद उनके देश का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका से क्रेमलिन में हुई वार्ताओं के बारे में जानना चाहता था। जेलेंस्की और उनके समर्थन में खड़े यूरोपीय नेता कई बार पुतिन पर शांति वार्ताओं में देरी करने का आरोप लगा चुके हैं जबकि रूसी सेना हमले तेज करने की कोशिश कर रही है।

जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार देर रात एक वीडियो संदेश में कहा कि अधिकारी यह जानना चाहते थे कि ‘‘पुतिन ने युद्ध को लंबा खींचने और यूक्रेन पर दबाव बनाने के लिए और कौन-से बहाने बनाए हैं।’’

इस बीच क्रेमलिन के विदेशी मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने रूसी पत्रकार पावेल जारूबिन से शुक्रवार को कुशनर की प्रशंसा की और कहा कि वह रूस के यूक्रेन पर आक्रमण को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उशाकोव ने क्रेमलिन में मंगलवार को हुई वार्ताओं में भी हिस्सा लिया था।

प्रमुख खबरें

Captain Harmanpreet Singh ने भरी हुंकार, कहा- ACT में किसी टीम को हल्के में नहीं लेंगे

Ranji Trophy: अंगकृष रघुवंशी और मुशीर खान के शतकों से मजबूत स्थिति में पहुंचा Mumbai

Ather Energy को दूसरी तिमाही में पहली बार 1.5 करोड़ का Net Profit, Revenue 62.9 फीसदी बढ़ा

Probity for Prosperity: MoHFW ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ली Integrity Pledge, दोहराई प्रतिबद्धता