अमेरिका पाकिस्तान को केवल अफगानिस्तान में ‘गड़बड़ी’ से निपटने के लिए उपयोगी समझता है: इमरान खान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 12, 2021

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अमेरिका पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि वह पाकिस्तान को केवल उस ‘‘गड़बड़ी’’ से निपटने के लिए ‘‘उपयोगी’’ समझता है जो उसने 20 साल की लड़ाई के बाद अफगानिस्तान में पीछे छोड़ी है और जब ‘‘रणनीतिक साझेदारी’’ बनाने की बात आती है, तो वह भारत को प्राथमिकता देता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 31 अगस्त तक अफगानिस्तान से अमेरिकी एवं नाटो बलों की वापसी की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद अफगानिस्तान में हिंसा में खासी बढ़ोतरी देखी गई है। खान ने बुधवार को यहां विदेशी पत्रकारों से कहा, ‘‘पाकिस्तान को केवल उस गड़बड़ी से निपटने के संदर्भ में उपयोगी समझा जाता है, जो सैन्य समाधान खोजने की कोशिश के 20 साल बाद पैदा हुई है।’’ खान ने संवाददाता सम्मेलन में मौजूद एक पत्रकार से कहा कि अमेरिका ने जब से भारत के साथ ‘‘रणनीतिक साझेदारी करने का फैसला किया है, वह पाकिस्तान के साथ अलग व्यवहार कर रहा है।

इसे भी पढ़ें: इस्लामी देशों के पर्यटकों को आकर्षित कर सकता है पाकिस्तान: इमरान खान

प्रधानमंत्री खान ने विदेशी पत्रकारों से कहा कि अफगानिस्तान की समस्या का राजनीतिक समाधान निकालना मुश्किल है, क्योंकि तालिबान काबुल सरकार से तब तक बात नहीं करना चाहता, जब तक राष्ट्रपति अशरफ गनी के हाथ में नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि तालिबान के नेताओं ने उन्हें एक यात्रा के दौरान कहा था कि गनी सरकार एक कठपुतली है। खान ने तालिबान नेताओं से हवाले से कहा, ‘‘स्थिति यह है कि जब तक अशरफ गनी वहां है, हम (तालिबान) अफगान सरकार से बात नहीं करेंगे।’’ अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की जल्दबाजी में वापसी पर खान ने कड़ा रुख अपनाया है। अमेरिकी बलों की वापसी से अफगानिस्तान में अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। खान ने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान वापसी के बाद अमेरिकी सेना को ठिकाने मुहैया नहीं कराएगा, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका ने इसके लिए औपचारिक रूप से आग्रह किया है या नहीं। पाकिस्तान ने कहा है कि उसने अपने प्रभाव का इस्तेमाल संकट का राजनीतिक समाधान खोजने की खातिर अमेरिका और अफगान सरकार के साथ बातचीत के लिए तालिबान पर दबाव डालने के लिए किया है। खान ने अमेरिकी मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए पिछले महीने कहा था कि अमेरिका ने ‘‘वहां (अफगानिस्तान में) चीजें वाकई अस्त-व्यस्त कर दी है।

प्रमुख खबरें

NEET गड़बड़ी पर Rahul Gandhi का PM Modi पर पलटवार: छात्र नहीं, आपको उनसे माफ़ी मांगनी चाहिए

IIT Jodhpur Admission: बिना JEE के भी मिलेगा IIT में दाखिला, BS Management and Technology कोर्स के लिए आवेदन शुरू

जादूमणि सिंह ने Commonwealth Games में जीता Silver Medal, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार

Babbu Maan ने एडिलेड में गुरुद्वारे में आग की घटना के बाद कॉन्सर्ट किया रद्द