Mahan Air की एजेंट भारत की Skies Travels समेत कई कंपनियों पर US Sanctions

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 31 जुलाई अमेरिका ने ईरान की विमानन कंपनी ‘महान एयर’ का समर्थन करने के आरोप में भारत स्थित ‘स्काइज ट्रैवल्स’ समेत छह संस्थाओं और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिका ने आरोप लगाया कि इन संस्थाओं और व्यक्तियों ने एक आतंकवादी संगठन को बनाए रखने में मदद की। अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने महान एयर के सामान्य बिक्री एजेंट के रूप में काम करने वाली कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि उसने 2020 में महान एयरवेज के सामान्य बिक्री एजेंट के रूप में काम करना शुरू किया था। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने कहा कि महान एयर स्वयं को एक असैन्य विमानन कंपनी के रूप में पेश करती है लेकिन वह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की लंबे समय से मदद करती रही है। मंत्रालय के अनुसार, विमानन कंपनी ने आईआरजीसी की कुद्स फोर्स के कर्मियों की यात्रा की व्यवस्था करने, सैन्य प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने तथा मानवरहित हवाई वाहन प्रणालियों और हथियारों की आवाजाही में मदद की।

महान एयर के अन्य सामान्य बिक्री एजेंट में चीन स्थित शंघाई विंग्स इंटरनेशनल लॉजिस्टिक्स कंपनी शामिल है जिसने ‘‘चीन से ईरान तक इलेक्ट्रॉनिक सामान पहुंचाने में समन्वय किया।’’ इसके अलावा रूस स्थित एयर कार्गो प्रो लिमिटेड और शंघाई एलीट इंटरनेशनल ट्रैवल कंपनी भी उसके बिक्री एजेंट हैं। बयान में कहा कि चीन की तांग शिन, शंघाई विंग्स की प्रबंध निदेशक हैं और उन्होंने महान एयर के लिए यात्राओं का समन्वय किया है। तांग शिन, शंघाई एलीट की कार्यकारी निदेशक भी हैं और कंपनी में उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

यह कंपनी भी चीन में महान एयर का प्रतिनिधित्व करती है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़ी मुखौटा कंपनी ‘दादेनेगर स्टार्टअप स्टूडियो’ को भी प्रतिबंधित इकाइयों की सूची में डाल दिया है। उसने कहा कि यह कंपनी एक वेबसाइट के जरिये सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में मदद करती थी।

प्रमुख खबरें

जापानी छात्रों से मिले CM Vishnu Deo Sai, कहा- भारत-जापान के रिश्ते आध्यात्मिक विरासत से जुड़े

Odisha Police ने 1.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में शामिल दंपत्ति को Baripada से किया गिरफ्तार

न्यायाधीशों के खिलाफ शिकायतों पर अदालती तंत्र बेहद प्रभावी: CJI Surya Kant

कर्नाटक सरकार के 100-दिन कार्यक्रम में सबको मिला था न्योता, DK Shivkumar ने दी सफाई