ईरान-अमेरिका युद्ध: युद्ध रोकने की कोशिशों में प्रगति के संकेत, मध्यस्थों को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

काहिरा, 27 जुलाई (एपी) पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान को बातचीत की मेज पर वापस लेने की कोशिश कर रहे मध्यस्थों को सकारात्मक संकेत मिले हैं। क्षेत्रीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह संकेत ऐसे समय मिले हैं जब बढ़ते तनाव के बाद दोनों पक्षों ने हमले रोक दिए हैं।

इराक में कुर्दिश ईरानी बागी समूह पर दो ड्रोन हमलों की खबर मिली है। जॉर्डन ने कहा कि उसने दो ड्रोन मार गिराए हैं, हालांकि यह नहीं बताया कि वे कहां से आए थे। किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।

नाम गुप्त की शर्त पर दो क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि कतर और पाकिस्तान की अगुवाई में मध्यस्थ, अमेरिका और ईरान के बीच की दूरियों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे उस अंतरिम युद्धविराम समझौते पर वापस लौट सकें जो गोलाबारी के बाद टूट गया था। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने सोमवार को एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि मध्यस्थता की कोशिशों में काफी अहम प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थ, ईरान और ओमान के साथ मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही को प्रबंधित करने का तंत्र बनाने पर काम कर रहे हैं।

यही वह जगह है जहां हाल ही में हमले और जवाबी हमले हुए हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को तेहरान में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मध्यस्थ अमेरिकी पक्ष की ओर से हमें संदेश पहुंचा सकते हैं’’ लेकिन कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के दोनों किनारों पर बसे ईरान और ओमान ने शुक्रवार और शनिवार को इस जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही के प्रबंधन के तरीकों को लेकर बातचीत की थी।

बघाई ने कहा,‘‘इसका उद्देश्य ईरान और ओमान के लिए ऐसे तंत्र को विकसित करना है जिनसे होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। साथ ही, इसमें दोनों तटीय देशों के संप्रभु अधिकारों और संप्रभुता और ईरान की सुरक्षा व राष्ट्रीय हितों का भी सम्मान किया जाए।’’ उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि जलमार्ग बंद है। इसके अलावा, बघाई ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की आलोचना की।

जेलेंस्की ने सप्ताहांत में कहा था कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में ‘‘ईरान से जुड़े सैन्य सामान ले जाने वाले जहाजों’’ पर हमला किया था।

प्रमुख खबरें

Karnataka में Ganesh Utsav शोभायात्राओं पर शर्तों को लेकर Congress सरकार पर बरसे BJP नेता R Ashoka

New Delhi Railway Station पर चोरी के आरोप में 2 लोग गिरफ्तार, 1.51 लाख रुपये बरामद

Tamil Nadu Budget: Vijay की TVK सरकार ने की ₹79,219 करोड़ की विकास योजनाओं की घोषणा

US Fed के ब्याज दर फैसले और Inflation आंकड़ों से तय होगी Share Market की चाल