By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 27 अक्टूबर अमेरिकी सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने अमेरिकी बैंकों, बंदरगाह प्राधिकारियों और ईंधन वितरकों को चेतावनी दी है कि रूसी डीजल का आयात करने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई और कांग्रेस की जांच का सामना करना पड़ सकता है। प्रमुख वित्तीय संस्थानों, बंदरगाहों और ईंधन वितरकों के प्रमुखों को लिखे पत्रों में सांसदों ने कहा कि अमेरिकी कानून का उल्लंघन करके आयात में मदद करने वाली कंपनियों को आपराधिक और दीवानी दायित्वों का सामना करना पड़ सकता है। ये पत्र ऐसी खबरों के बीच भेजे गए हैं कि रूसी डीजल की खेप अमेरिकी तटों की ओर बढ़ रही हैं।
कानून के तहत ऐसे आयात की अनुमति तभी दी जा सकती है, जब राष्ट्रपति कांग्रेस को प्रमाणित करें कि रूस ने यूक्रेन में सभी सैन्य शत्रुतापूर्ण गतिविधियां बंद कर दी हैं और उससे नाटो के सदस्य देशों को तत्काल कोई खतरा नहीं है। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में डेमोक्रेटिक पार्टी सीनेटर जीन शाहीन, रॉय वाइडन, शेल्डन व्हाइटहाउस, क्रिस कून्स और एलिजाबेथ वॉरेन तथा रिपब्लिकन पार्टी सीनेटर थॉम टिलिस शामिल हैं। न्यूयॉर्क के पांचवें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद ग्रेगरी मीक्स ने भी पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
ये पत्र जेपी मॉर्गन चेज, बैंक ऑफ अमेरिका, सिटीग्रुप, वेल्स फार्गो बैंक, गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को भेजे गए हैं। इसके अलावा टेक्सास के ह्यूस्टन, कॉर्पस क्रिस्टी और ब्यूमोंट तथा न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के बंदरगाह प्राधिकारियों के प्रमुखों को भी पत्र भेजे गए हैं। सांसदों ने दोहराया कि रूसी ऊर्जा उत्पादों का आयात राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंताएं पैदा करता है, क्योंकि इससे होने वाली कमाई यूक्रेन के खिलाफ रूस के जारी युद्ध को वित्तपोषित करेगी।
उन्होंने संबंधित कंपनियों से रूस में उत्पादित डीजल के प्रस्तावित या वास्तविक आयात से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की भी मांग की। सार्वजनिक खबरों और जहाजों की आवाजाही से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए सांसदों ने कहा कि रूसी डीजल ले जा रहे जहाज अक्टूबर के अंत तक ब्यूमोंट और न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी बंदरगाह पर पहुंच सकते हैं।