By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 13, 2022
बगदाद। इराक के इरबिल शहर में रविवार को अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास कम से कम 12 मिसाइल आकर गिरीं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि यह हमला पड़ोसी मुल्क ईरान से किया गया है। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। इराक के अधिकारियों ने शुरुआत में कहा था कि इराक के इरबिल शहर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर कई मिसाइल दागी गयीं। बाद में कुर्दिस्तान के विदेशी मीडिया कार्यालय के प्रमुख लॉक घाफरी ने कहा कि कोई भी मिसाइल अमेरिकी प्रतिष्ठान में नहीं गिरी, लेकिन परिसर के आसपास के क्षेत्रों में गिरी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रक्षेपास्त्र ईरान निर्मित फतेह-110 थे और इन्हें संभवतः सीरिया में दो रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मारे जाने के प्रतिशोध में दागा गया है। एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने एक बयान में कहा कि अमेरिका ‘‘इराकी संप्रभुता के खिलाफ हमले और हिंसा के प्रदर्शन’’ की निंदा करता है। गौरतलब है कि पहले भी इरबिल के हवाई अड्डा परिसर में तैनात अमेरिकी बल रॉकेट और ड्रोन हमलों की चपेट में आ चुके हैं,और इनके लिए अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान समर्थित समूहों को दोषी ठहराया था।