अमेरिकी राष्ट्रपति ने वॉशिंगटन में बुलाई क्वाड की अहम बैठक तो चीन को लगी मिर्ची, कहा- हमें न किया जाए टारगेट

By अंकित सिंह | Sep 14, 2021

अमेरिका और चीन के बीच रिश्तो में उतार-चढ़ाव जारी है। इन सबके बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने वाशिंगटन में क्वाड देशों की एक अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक के 24 सितंबर को आयोजित होगी। प्रत्यक्ष तरीके से आयोजित होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता जो बाइडन करेंगे। इसी को लेकर अब चीन भड़क गया है। आगामी क्वाड शिखर सम्मेलन को लेकर निशाना साधते हुए चीन ने कहा कि दूसरे देशों को टारगेट करने के लिए गुटबाजी काम नहीं आएगी और इसका कोई भविष्य नहीं है। क्वाड को लेकर पूछे गए सवाल पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि देशों के बीच सहयोग के जरिए तीसरे पक्ष को निशाना नहीं बनाना चाहिए। 

झाओ लिजियान ने कहा कि चीन का मानना है कि किसी भी क्षेत्रीय सहयोग ढांचे को समय की प्रवृत्ति के साथ होना चाहिए और क्षेत्र के देशों के बीच आपसी विश्वास तथा सहयोग के अनुकूल होना चाहिए। इसके जरिए किसी तीसरे पक्ष को निशाना नहीं बनाना चाहिए या उनके हितों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। लिजियान ने कहा कि दूसरे देशों को निशाना बनाने के लिए ‘गुटबाजी’ नहीं होनी चाहिए और ये तरीके काम नहीं करेंगे तथा इनका कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बात का उल्लेख करना चाहता हूं कि चीन न केवल एशिया प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक विकास का इंजन है, बल्कि यह शांति की रक्षा करने वाली मुख्य शक्ति भी है।’’ साथ ही कहा कि चीन की उन्नति दुनिया में ‘‘शांति के लिए अच्छी खबर’’ है। लिजियान ने कहा, ‘‘संबंधित देशों को शीत युद्ध वाली मानसिकता और संकीर्ण सोच वाली भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अवधारणा को त्याग देना चाहिए। सही ढंग से देखना चाहिए और क्षेत्र में लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करना चाहिए तथा क्षेत्रीय एकजुटता एवं सहयोग के लिए और अधिक काम करना चाहिए।’’ 

इसे भी पढ़ें: पाक और चीन से निपटने के लिए भारतीय सेना को मिलेगी 73000 अमेरिकी असॉल्ट राइफल, दाम को लेकर बातचीत जारी

क्या है क्वाड

आपको बता दें कि नवंबर 2017 में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला रखने के संबंध में नयी रणनीति विकसित करने के लिए क्वाड के गठन के लंबित प्रस्ताव को आकार दिया था। मार्च में राष्ट्रपति बाइडन ने डिजिटल तरीके से क्वाड शिखर सम्मेलन आयोजित किया था। दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती आक्रामकता के बीच क्वाड का शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, जापान के निवर्तमान प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा हिस्सा लेंगे। 

प्रमुख खबरें

Rolls-Royce विवाद में Maithili Thakur के समर्थन में उतरीं BJP सांसद Kangana Ranaut

चोट से Asian Games से चूके Neeraj Chopra, बोले- झटके को स्वीकार कर वापसी पर ध्यान देना जरूरी

Team India के खिलाफ T20I मैच से Japan में Cricket को मिलेगा बढ़ावा: JCA COO Alan Curr

Iran ने अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, अब Trump के जवाब का इंतजार