उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का कहर जारी, उत्तर प्रदेश-राजस्थान में पारा 47 डिग्री पहुंचा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2019

उत्तर प्रदेश। उत्तर भारत में भीषण लू का प्रकोप बुधवार को भी जारी रहा। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इन क्षेत्रों में कुछ जगह हल्की फुल्की बारिश हुई, लेकिन इससे तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा। दिल्ली में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। यहां कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से दो डिग्री ऊपर है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आया नगर और पालम स्थित मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें: मानसून में एक हफ्ते की देरी, केरल में आठ जून को देगा दस्तक

राजस्थान में, बुधवार को चुरू लगातार सबसे गर्म स्थान रहा। राज्य में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश के बावजूद यहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य हिस्सों में, कोटा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 46.8 डिग्री, बीकानेर में 46 डिग्री, जैसलमेर में 45.1 डिग्री, अजमेर में 44.5 डिग्री और जयपुर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी हिस्से में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।

इसे भी पढ़ें: भीषण गर्मी से जूझ रहा भारत, चूरू में सबसे ज्यादा 50.3 डिग्री सेल्सियस पर पारा

 

उत्तर प्रदेश में , बांदा में सबसे ज्यादा पारा दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर है। झांसी में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पर रहा। वहीं , आगरा में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 44.7 डिग्री सेल्सियस जबकि इटावा में पारा बढ़कर 44.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग - अलग स्थानों पर धूल भरी हवाओं और आंधी की चेतावनी भी जारी की है। हरियाणा में नारनौल में सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। नारनौल में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर है।

 

हिसार में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। पंजाब में लुधियाना में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने शुक्रवार तक दोनों राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

 

वहीं, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बारिश के बावजूद राज्य में बुधवार को तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार शाम से चंबा में 13 मिलीमीटर जबकि कल्पा में 0.4 मिमी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि हिमाचल में सबसे ज्यादा तापमान ऊना में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे कम तापमान केलॉन्ग में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद हमीरपुर (40.3 डिग्री), कांगड़ा (39.6 डिग्री), सुंदरनगर (39.7 डिग्री) और मंडी में 36.2 डिग्री डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू में लू का प्रकोप बरकरार रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रमुख खबरें

अगले साल आ सकता है Bolt का IPO, पहला ध्यान नई श्रेणियों में प्रवेश करना : सह संस्थापक Varun Gupta

राजस्थान के अजमेर में तीन नकाबपोश लोगों ने मस्जिद के मौलाना की पीट पीट कर हत्या की

Delhi Politics । दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष Arvinder Singh Lovely के इस्तीफे पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया, जानें किसने क्या कुछ कहा

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने विवाद के बीच आरक्षण का समर्थन किया