दलित सियासत की कसौटी पर UP विधानसभा के उपचुनाव, भाजपा की प्रतिष्ठा लगी दांव पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 05, 2020

लखनऊ। हाथरस में एक महिला के साथ कथित बलात्कार और उसकी मौत के बाद दलित समुदाय के साथ दिखने की राजनीतिक दलों की होड़ ने राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा उपचुनावों में लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। हालांकि, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 में प्रस्तावित हैं लेकिन तीन नवंबर को विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान होना है। इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रतिष्‍ठा सर्वाधिक दांव पर लगी है क्‍योंकि सात में से छह सीटों पर भाजपा का ही कब्‍जा था। सिर्फ जौनपुर जिले की मल्‍हनी सीट समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीती थी। एक अनुमान के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में क़रीब 22 फ़ीसदी आबादी दलित समुदाय की है। 

हाथरस में पुलिस अधीक्षक समेत पांच अधिकारियों को निलंबित किये जाने और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ द्वारा संपूर्ण मामले की सीबीआई जांच की संस्‍तुति के बाद भी विपक्ष इस मसले को छोड़ने को तैयार नहीं है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाथरस के जिलाधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है। बसपा प्रमुख मायावती ने भी हाथरस के डीएम को हटाने पर जोर दिया है जबकि पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव तो हाथरस में घटना के समय तैनात रहे सभी अफसरों के नार्को टेस्‍ट कराये जाने की मांग कर रहे हैं। भाजपा के प्रमुख दलित नेता और उत्‍तर प्रदेश सरकार के समाज कल्‍याण मंत्री रमापति शास्‍त्री ने आरोप लगाया है कि विपक्ष हाथरस का सच सामने नहीं आने देना चाहता है और वह जातीय दंगा भड़काना चाहता है। 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका की अगुवाई में कांग्रेस को मिल रही मजबूती, कहीं भारी न पड़ जाए सपा-बसपा को ट्विटर की राजनीति 

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भी कहा है कि जिसे विकास अच्‍छा नहीं लगा रहा है, वे लोग जातीय और सांप्रदायिक दंगा भड़काना चाहते हैं। इस दंगे की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए उनको अवसर मिलेगा, इसलिए नये षड़यंत्र कर रहे हैं। लखनऊ के हजरतगंज थाने में मुख्‍यमंत्री की छवि खराब करने और माहौल खराब करने की साजिश में शनिवार की रात पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है। दलित चिंतक बद्री नारायण का कहना है, जो सत्‍ता में है उसको कार्रवाई करनी चाहिए और जो विपक्ष में है उसे आवाज उठानी चाहिए। इस मामले में जो जमीन पर लड़ते दिखेगा उसे लाभ होगा और अगर सरकार ने सही समय पर एक्‍शन नहीं लिया तो उसे नुकसान होगा। हालांकि, गोरखपुर विश्‍वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्‍यक्ष रहे अशोक चौधरी कहते हैं कि हाथरस मामले में कांग्रेस ने आगे बढ़कर आंदोलन की शुरुआत की है और उसकी कोशिश अपना खोया जनाधार पाने की है।

उल्‍लेखनीय है कि हाथरस की पीडि़ता की मौत के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी औरप्रियंका गांधी वाद्रा ने घटनास्‍थल पर जाने की कोशिश की लेकिन वहां पर निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देकर प्रशासन ने ग्रेटर नोएडा में ही इनको रोक दिया था। प्रतिबंध हटने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा शनिवार को हाथरस जाकर पीडि़त परिवार से मिले और तबसे कांग्रेस काफ़ी आक्रामक हैं। सपा भी दो अक्‍टूबर से आंदोलनरत है और उसका प्रतिनिधि मंडल हाथरस और बलरामपुर गया है। समाजवादी पार्टी के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि प्रदेश की जनता समझ गई है कि सपा ही एकमात्र विकल्‍प है। उप चुनाव के जनादेश से भाजपा को अपनी असलियत पता चल जाएगी। हाथरस के मामले पर वामपंथी दलों ने गांधी जयंती पर गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदेश भर में धरना दिया। 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका गांधी के साथ हुई बदसलूकी के लिये भाजपा नेता ने की कार्रवाई की मांग 

उधर, राष्‍ट्रीय लोकदल भी इस आंदोलन में कूद पड़ा है। दल के उपाध्‍यक्ष जयंत चौधरी और कार्यकर्ताओं पर रविवार को हाथरस में पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किये जाने का आरोप लगा है। बसपा प्रमुख मायावती ने एक अक्‍टूबर को पत्रकारों से बातचीत कर हाथरस मामले में कार्रवाई में विफल होने पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से इस्‍तीफे की मांग की। भाजपा दलित समुदाय पर अपनी पकड़ ढीली नहीं होने देना चाहती है। इसीलिए, राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्‍यक्ष और केंद्र सरकार में सामाजिक अधिकारिता राज्‍यमंत्री रामदास आठवले शनिवार को लखनऊ आये और उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री की अब तक की कार्रवाई को जायज ठहराते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी और बसपा प्रमुख मायावती को आड़े हाथों लिया। 

इसे भी पढ़ें: हाथरस: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राहुल, प्रियंका गांधी, जमकर हुआ हंगामा, मामला हुआ दर्ज 

गौरतलब है कि हाथरस में 14 सितंबर को दलित युवती के साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया। पिछले मंगलवार को उसकी दिल्‍ली के एक अस्‍पताल में मौत हो गई। गत बुधवार को उसका अंतिम संस्‍कार कर दिया गया। रात में जबरन अंतिम संस्‍कार कराये जाने का विपक्षी दलों ने आरोप लगाया। तबसे इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और उत्‍तर प्रदेश की राजनीति दलितों के उत्‍पीड़न के मुद़दे पर केंद्रित हो गई है। उल्‍लेखनीय है कि योगी सरकार के मंत्री चेतन चौहान और कमल रानी वरुण के निधन से रिक्‍त हुई क्रमश: अमरोहा जिले की नौगांव सादात तथा कानपुर जिले की घाटमपुर सुरक्षित क्षेत्र, वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन से उनकी सीट बुलंदशहर, पूर्व मंत्री एस पी बघेल के आगरा से सांसद बनने के बाद फिरोजाबाद की टूंडला, कुलदीप सेंगर के सजायाफ़ता होने से उन्‍नाव जिले की बांगरमऊ, जनमेजय सिंह के निधन से देवरिया तथा सपा के पारसनाथ यादव के निधन से जौनपुर जिले की मल्‍हनी सीट पर तीन नंबर को उपचुनाव होने हैं। इनमें टुंडला और घाटमपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरिक्षत है।

प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू का कहना है कि कांग्रेस सभी सीटों पर पूरा दमखम लगाकर चुनाव लड़ेगी। उप चुनाव के लिए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह ने रविवार से नौगांव सादात विधानसभा क्षेत्र से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बूथ स्‍तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह का कहना है कि हमारे कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क और कोरोना काल में सेवा कर रहे हैं। सबका साथ-सबका विकास ही हमारा ध्‍येय है।

प्रमुख खबरें

Middle East टेंशन से Stock Market धड़ाम, Sensex 900 अंक लुढ़का, Crude Oil $100 के करीब

NATO से बाहर निकलने की तैयारी में US, Trump के फैसले से Europe की सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था होगी ध्वस्त

NSD Admission: एक्टिंग के लिए उम्र सीमा मनमानी, Delhi High Court ने 30 साल की Age Limit पर लगाई रोक

Sikkim में देवदूत बनी Indian Army, Operation Himsetu में 1400 से ज्यादा लोगों को बचाया गया