सपा को उखाड़ फेंकेगी उत्तर प्रदेश की जनता: भाजपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 26, 2016

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भले ही लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को वोट हासिल करने का जरिया मान रहे हों, भाजपा का मानना है कि भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता सपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने हाल ही में शुरू की गयी ‘डायल 100’ योजना पर तंज कसते हुए कहा कि अपराध का ग्राफ लगातार चढ़ रहा है और इस योजना पर जो 2000 करोड़ रूपये खर्च किये गये, उनका उपयोग पुलिस बुनियादी ढांचा मजबूत करने में किया जा सकता था।

 

उन्होंने कहा कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे मुख्यमंत्री के लिए कोई जादू नहीं करेगा क्योंकि राज्य की जनता ने पांच साल खराब कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार झेला है और इन्हीं मुद्दों पर वोट पड़ेंगे। मौर्य ने दावा किया कि मोदी ने विकास के वायदों को पूरा किया है और उत्तर प्रदेश में भी जनता भाजपा को वोट देगी क्योंकि उसे भरोसा है कि पार्टी वायदे पूरे करती है। सपा और बसपा की ओर से नोटबंदी को लेकर केन्द्र सरकार पर किये जा रहे हमलों पर उन्होंने कहा कि दोनों ही दल सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मायावती ने गरीबों से वोट खरीदने के लिए काले धन का इस्तेमाल किया जबकि सपा ने बूथ कैप्चरिंग के लिए इसका इस्तेमाल किया।

 

मौर्य ने कहा कि अब दोनों दलों के बीच कोई विवाद नहीं है क्योंकि विवाद काले धन के बंटवारे को लेकर था। केन्द्र के कड़े कदम के बाद दोनों दलों की लड़ाई खत्म होती दिखती है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी देश के लिए वरदान साबित होगी। यदि प्रधानमंत्री की 90 वर्ष से अधिक उम्र की मां बैंक के बाहर लाइन में लग सकती है तो अन्य लोग क्यों नहीं। इस फैसले का जनता ने समर्थन किया है। मौर्य ने कहा कि सपा को हम अपना मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानते हैं। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जबर्दस्त जीत होगी और हमें 300 से अधिक सीटें जीतने की उम्मीद है। हम राज्य को सपा और बसपा से मुक्त कराएंगे। भाजपा सुशासन और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।

 

प्रमुख खबरें

जोफ्रा आर्चर की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी: इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

Eden Gardens टेस्ट पिच पर आईसीसी की मुहर, गुवाहाटी को मिला ‘बहुत अच्छा’ दर्जा

नाइजीरिया में जोशुआ की कार ट्रक से टकराई, दो टीम सदस्यों की मृत्यु, चैम्पियन एंथनी अस्पताल में भर्ती

Investment bankers की बम्पर कमाई: 2025 में IPO से ₹4113 करोड़ की फीस, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा