By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2017
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने गोरखपुर में अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया। शुक्ल ने कहा कि नगर निगम में महापौर को अधिक अधिकार दिलाने के लिये भाजपा संविधान में संशोधन करेगी। मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या 68, पुराना गोरखपुर के कन्या प्राइमरी पाठशाला स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया।
मतदान स्थल 698 पर वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा को जबर्दस्त सफलता मिलेगी। सभी जगहों पर भाजपा के प्रत्याशी विजयी होंगें। मतदान के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी और इलाहाबाद के लिए रवाना हो गए। शुक्ल ने भी नगर निगम चुनाव में सेंट ऐन्ड्रयूज कालेज बूथ स्थल पर पहुंच कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उन्होंने भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। शुक्ल ने कहा कि नगर निगम में महापौर को अधिक अधिकार मिले इस दिशा में उनकी पार्टी संविधान में संशोधन करेगी।