By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 19, 2026
उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य राहत आयुक्त कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि बाढ़ से करीब 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र और 84,362 लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा कि हालांकि, प्रदेश में बाढ़ की स्थिति फिलहाल सामान्य और नियंत्रण में है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 1,589 बाढ़ चौकियां और 1,263 बाढ़ आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें से 41 आश्रय स्थल फिलहाल उपयोग में हैं, जहां 1,045 लोग रह रहे हैं। अब तक 4,845 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 428 नौकाएं और मोटर बोट तथा 1,101 स्थानीय गोताखोर तैनात किए गए हैं। प्रभावित लोगों को 15,238 खाद्यान्न और 30,316 भोजन के पैकेट वितरित किए गए हैं। राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 16 टीम, जबकि विभिन्न जिलों में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के जवान तैनात हैं।