यूपी में चुनाव वाली तल्खी अब भी खत्म नहीं हुई है, योगी-अखिलेश अपनी पार्टियों को कैसे बढ़ाएंगे आगे?

By टीम प्रभासाक्षी | Mar 28, 2022

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा सरकार का गठन किया, लेकिन पिछली सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे डॉक्टर दिनेश शर्मा समेत कई दिग्गजों को वर्तमान मंत्रिमंडल में मौका नहीं मिल सका है। डॉक्टर दिनेश शर्मा को इस बार सरकार में शामिल नहीं किया गया है। ब्राह्मण समाज से आने वाले शर्मा की जगह इस बार ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। छात्र राजनीति से उभरे पाठक को भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में आगे किया था। पिछली सरकार में औद्योगिक मंत्री रहे सतीश महाना और समाज कल्याण मंत्री रहे रमापति शास्त्री को भी मौका नहीं मिला है। महाना कानपुर जिले के महाराजपुर और शास्त्री गोंडा जिले की मनकापुर सीट से आठवीं बार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। पिछली सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा और खादी ग्रामोद्योग मंत्री रहे सिद्धार्थनाथ सिंह को भी इस बार मौका नहीं मिला है। संकेत मिले हैं कि श्रीकांत शर्मा को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी ने ज्यादातर लोकसभा चुनाव ब्राह्मण प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ा है, इसलिए ब्राह्मण समाज से आने वाले श्रीकांत शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष का पद दिया जा सकता है। श्रीकांत शर्मा ने मथुरा विधानसभा सीट से एक लाख से अधिक मतों से चुनाव जीता है। भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ ली। गौरतलब है कि भाजपा एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत का पालन करती है।

इसे भी पढ़ें: अपने दम पर जनादेश लेकर लौटे योगी पर दूसरे कार्यकाल में कोई भी दबाव नहीं

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश की दूसरी भाजपा सरकार के कुल 52 मंत्रियों ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दो उपमुख्यमंत्री, 16 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार के 14 राज्य मंत्री तथा 20 राज्य मंत्री शामिल हैं।

वहीं चुनाव से पहले जिस तरह की तल्खी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच देखने को मिली थी वह अब भी जारी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार को शपथ ग्रहण की बधाई दी, लेकिन साथ ही नसीहत भी दी कि शपथ सिर्फ़ सरकार बनाने की नहीं, जनता की सच्ची सेवा की भी लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि योगी आदित्यनाथ नीत सरकार ने आज जिस स्टेडियम में शपथ ली है, उसका निर्माण सपा सरकार ने करवाया है।

प्रभासाक्षी के साप्ताहिक कार्यक्रम चाय पर समीक्षा में इस सप्ताह कार्यक्रम के स्वरूप में थोड़ा फेरबदल कर लखनऊ से वरिष्ठ पत्रकारों को चर्चा में जोड़ा गया जिन्होंने नयी सरकार के समक्ष चुनौतियों और मंत्रिमंडल के स्वरूप की समीक्षा की। इस चर्चा में वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार, प्रमोद गोस्वामी और जनार्दन मिश्रा से प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे ने प्रश्न किये।

प्रमुख खबरें

PM Modi ने किशोरियों के स्वास्थ्य पर जोर दिया, आंगनवाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान

ट्रेनें रोकने से देश का युवा नहीं थमेगा, Chirag Paswan ने विपक्ष के प्रदर्शन पर साधा निशाना

Team India कोच Gautam Gambhir के बार-बार बदलाव पर Shane Watson ने उठाए सवाल

Makhana Export को रफ्तार देगा Bihar, 2030-31 तक 30 हजार टन का लक्ष्य तय