विधानसभा चुनाव से पहले Uttarakhand Congress ने 70 क्षेत्रों के लिए शुरू की न्याय यात्रा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026

अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार से न्याय यात्रा की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में अलग-अलग जगहों से विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू की गयी जो प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के तहत बदरीनाथ, जोशीमठ, पीपलकोटी एवं चमोली में पदयात्राएं निकाली गयीं। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा तथा विधायक भुवन कापड़ी और तिलकराज बेहड़ की अगुवाई में तीसरे दल ने अल्मोड़ा के प्रसिद्ध गोलज्यूं मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा की शुरुआत की। इसके तहत रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल एवं हल्द्वानी में पदयात्रा रैलियों का आयोजन किया गया।

बदरीनाथ धाम में यात्रा की शुरुआत करते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि स्वयं को सनातन धर्म और धार्मिक आस्थाओं की सबसे बड़ी हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा के शासन में बदरीनाथ मंदिर और अयोध्या के राम मन्दिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल धन की चोरी का मामला नहीं, बल्कि देश एवं विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की श्रद्धा, विश्वास और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील विषय है।’’ गोदियाल ने उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार की बदहाल स्थिति के साथ ही जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से लोगों के जीवन के संकट में होने, भ्रष्टाचार चरम पर होने और प्रदेश के संसाधनों पर बाहरी और प्रभावशाली लोगों पर कब्जे जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा और कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा कांग्रेस का केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की पीड़ित, उपेक्षित और अधिकारों से वंचित जनता को न्याय दिलाने का जन आंदोलन है।

गोदियाल ने कहा, ‘‘इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।’’

प्रमुख खबरें

सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट फेक नोट मामले में NIA ने दो मुख्य साजिशकर्ताओं को पकड़ा

Delhi Police ने पकड़ा अंतरराज्यीय Heroin रैकेट, 60 करोड़ रुपये की खेप संग 7 गिरफ्तार

Punjab Assembly सत्र 10 मिनट में स्थगित, Congress ने आप सरकार को घेरा

केरलम में SMA दवाओं को लेकर विवाद के बीच मंत्री K Muraleedharan की बैठक पर सफाई