उत्तराखंड High Court से कांग्रेस MLA Harish Dhami को राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने पिथौरागढ़ जिले में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर तोड़फोड़ करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी तथा एक अन्य व्यक्ति मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकल पीठ ने विधायक तथा टोलिया की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगायी। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि चार लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत नोटिस दिए बिना ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अपनी गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए याचिकाकर्ताओं ने उच्च न्यायालय का रुख करते हुए गिरफ्तारी से सुरक्षा और प्राथमिकी रदद करने की प्रार्थना की। याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि पुलिस ने अर्नेश कुमार बनाम बिहार मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया है।

उन्होंने तर्क दिया कि सात वर्ष तक के कारावास से दंडनीय अपराधों के मामलों में, पुलिस को गिरफ्तारी से संबंधित सुरक्षा उपायों का पालन करना आवश्यक है, जिसमें बीएनएसएस की धारा 35 के तहत नोटिस जारी करना भी शामिल है। उन्होंने दलील दी कि आवश्यक नोटिस जारी किए बिना चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन है और इसलिए उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द की जाए और गिरफ्तारी से सुरक्षा दी जाए। सुनवाई के दौरान, राज्य सरकार ने याचिका का विरोध किया और आरोप लगाया कि याचिकाकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बाधा डाली, मंच में तोड़फोड़ की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, उच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ताओं को गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान कर दी। चौदह नवंबर को धारचूला के जौलजीबी मेले के उदघाटन कार्यक्रम में यह घटना हुई थी। हालांकि, उस समय मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से वापस जा चुके थे।

प्रमुख खबरें

EU का Russia पर नया शिकंजा: 60 और बैंकों को स्विफ्ट से बाहर करने की तैयारी

उत्तराखंड में Congress ने बनाए जिला प्रभारी, BJP 26 नवंबर से शुरू करेगी मिशन-2027

Puri Jagannath Temple में NRI श्रद्धालुओं से ठगी, दर्शन के नाम पर पैसे ऐंठने वाले 5 गिरफ्तार

कम बारिश से इंदौर में गहराया जलसंकट, नगर निगम ने मांगे 110 करोड़ रुपये