कम बारिश से इंदौर में गहराया जलसंकट, नगर निगम ने मांगे 110 करोड़ रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी के नाम से मशहूर इंदौर में इस बार सामान्य से 27 प्रतिशत कम मॉनसूनी बारिश होने के कारण आगामी गर्मियों में आशंकित जल संकट से निपटने के लिए शहरी निकाय ने सोमवार को राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपये का विशेष सहायता पैकेज मांगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में एक जून से 30 सितंबर तक 633.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले में वर्षा का सामान्य स्तर 868.1 मिलीमीटर है।

उन्होंने बताया कि इस स्थिति के मद्देनजर आगामी गर्मियों में आशंकित जलसंकट से निपटने के लिए इंदौर नगर निगम ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित एक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपये की विशेष सहायता मांगी। अधिकारियों के मुताबिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में कहा कि इस प्रस्तावित पैकेज की रकम पानी के नये टैंकर खरीदने, नये नलकूप खोदने, संपवेल (पानी को एक जगह जमा करने और पंप के जरिये आगे पहुंचाने के लिए बनाई जानी वाली गहरी भूमिगत टंकी) और अन्य कामों में खर्च की जाएगी। महापौर कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया,‘‘नगर निगम ने कम बारिश के कारण यशवंत सागर तालाब का जलस्तर घटने के मद्देनजर उसे नर्मदा नदी के पानी से भरने का प्रस्ताव नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण को भेजा था।

मुख्यमंत्री ने बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे पश्चिमी इंदौर के करीब 1.50 लाख घरों को राहत मिलेगी।’’ इंदौर शहर अपनी पेयजल जरूरतों के लिए मुख्य रूप से नर्मदा नदी पर निर्भर है। नगर निगम की पाइपलाइन के जरिये पड़ोसी खरगोन जिले के जलूद से करीब 80 किलोमीटर दूर इंदौर तक नर्मदा का पानी लाया जाता है और फिर इसे शहर में वितरित किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर को नर्मदा से प्रतिदिन करीब 450 ‘एमएलडी’ (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी मिलता है, जबकि नर्मदा की पाइपलाइन से वंचित इलाकों की जरूरत करीब 200 एमएलडी है। इस तरह, शहर की कुल दैनिक जल आवश्यकता करीब 650 एमएलडी है।

प्रमुख खबरें

Bisleri ने पेयजल को बताया सुरक्षित, FSSAI की जांच में सहयोग का दिया भरोसा

Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

Jannik Sinner की होगी घुटने की सर्जरी, Australian Open से बाहर होने की आशंका

आंध्र प्रदेश: CM Chandrababu Naidu ने स्वास्थ्य और कृषि में AI तकनीक अपनाने के निर्देश दिए