Ram Mandir दान चोरी के बाद अब Mata Vaishno Devi Temple में चढ़ाई गई चांदी पर सवाल, Court ने मंगवाया पूरा रिकॉर्ड

By नीरज कुमार दुबे | Jul 14, 2026

अयोध्या के राम मंदिर में दान से जुड़़े विवाद की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब माता वैष्णो देवी धाम में चढ़ाई गई चांदी को लेकर गंभीर सवाल खडे हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर की एक अदालत ने कथित तौर पर पांच सौ पचास करोड़ रुपये मूल्य की चांदी के चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों से जुड़े सभी अभिलेख अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक पर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है।

इसे भी पढ़ें: एनएमसी ने जम्मू के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को दी मंजूरी

शुरुआत में यह माना गया कि संभव है श्रद्धालुओं ने अनजाने में नकली चांदी चढ़ा दी हो। लेकिन बाद में अधिवक्ता दीपक शर्मा ने अपराध शाखा के महानिरीक्षक को शिकायत देकर अलग ही आशंका जताई। उनका आरोप है कि श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई असली चांदी को बीच में बदल दिया गया, उसमें मिलावट की गई, उसका दुरुपयोग हुआ और सरकारी अभिलेखों में भी हेरफेर की गई। शिकायत में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वास भंग और सरकारी अभिलेखों में छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए गए तथा तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।

शिकायत के अनुसार अपराध शाखा की ओर से समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने के बाद मामला जम्मू के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत पहुंचा। अपराध शाखा ने अदालत को बताया कि शिकायत को मंजूरी के लिए श्रीनगर स्थित मुख्यालय भेजा गया है और आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। दूसरी ओर शिकायतकर्ता का कहना है कि कानून के अनुसार सीधे प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की जानी चाहिए थी।

अब अदालत ने अपराध शाखा के जांच अधिकारी को उन सभी अभिलेखों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है जो इस मामले से जुड़े हैं। शिकायतकर्ता ने चढ़ावे के संग्रह, भंडारण और परिवहन से जुड़े अभिलेख, निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग, धातु जांच रिपोर्ट, गलाने की प्रक्रिया और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की भी मांग की है। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए उन सभी दस्तावेजों को तलब किया है।

हम आपको बता दें कि हर वर्ष नब्बे लाख से अधिक श्रद्धालु कटरा से त्रिकुट पर्वत स्थित माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा करते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में लोग सोना और चांदी का चढ़ावा भी अर्पित करते हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि यदि श्रद्धालुओं ने असली चांदी चढ़ाई थी तो वह आखिर कहां गई, और यदि वास्तव में नकली चांदी ही चढाई गई थी तो वह इतनी बड़ी मात्रा में मंदिर तक कैसे पहुंची। इन दोनों संभावनाओं का जवाब केवल निष्पक्ष जांच ही दे सकती है।

फिलहाल यह पूरा मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है और किसी भी आरोप की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन अदालत द्वारा अभिलेख तलब किया जाना यह जरूर बताता है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। अब सभी की नजर जांच पर है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह हाल के वर्षों में धार्मिक चढ़ावे से जुड़ा सबसे बड़ा घोटाला माना जा सकता है, और यदि आरोप गलत साबित होते हैं तो इससे फैली शंकाओं का भी अंत हो जाएगा। फिलहाल सच अदालत और जांच के दस्तावेजों में छिपा है, जिसका सामने आना बाकी है।

प्रमुख खबरें

India MEA Briefing : क्या Russia को Petrol Supply कर रहा है भारत, Prabhasakshi के सवाल पर विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

Jairam Ramesh का केंद्र पर बड़ा हमला, कहा- 4.38% पहुंची Retail Inflation ने आम जनता की कमर तोड़ दी

जिस Gen Z ने बनाया, वही अब Balen Shah के खिलाफ सड़कों पर उतरा, Nepal में बढ़ते प्रदर्शनों से सरकार पर संकट

वीणा मानवी का Bakipur Nomination रद्द, Tej Pratap Yadav ने बताया बड़ी साजिश