By अभिनय आकाश | Feb 13, 2022
पूजा की थाली, हाथ में डंडे, ढोल नगाड़ों के साथ ही पंडित मंत्र पढ़ रहे हैं। सरसों का तेल डंडों को पिलाया जा रहा है। ये नजारा मध्य प्रदेश के सागर के बंबा पहलवान मंदिर का रहा। जहां शिवसैनिकों के द्वारा वेलेंटाइन डे पर अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने की तैयारी की जा रही है। शिवसेना की तरफ से चेतावनी भी दी गई है कि अगर कोई पार्ट में कुछ करते दिखे बेबी, बाबू और सोना तो तोड़ देंगे शरीर का हर कोना।
शिवसेना के कार्यकर्ता पिछले कई सालों से वेलेंटाइन डे का विरोध करते हुए आ रहे हैं। इस बार फिर प्रेमी जोड़े के द्वारा 14 फरवरी को मनाए जाने वाले वेलेंटाइन डे को लेकर कमर कस ली गई है। भोपाल में शिवसेना ने पब, रेस्टोरेंट, होटल संचालकों को भी चेतावनी दी है कि वो वैलेंटाइन डे पर कोई समारोह नहीं करें। बता दें कि शिवसेना, बजरंग दल सहित भारत में कई ऐसे संगठन हैं जो देश में वेलेंटाइन डे मनाए जाने का विरोध करते हैं।