वरूथिनी एकादशी व्रत से मिलता है सभी प्रकार के दुखों से छुटकारा

By प्रज्ञा पाण्डेय | Apr 17, 2020

हिन्दू धर्म में एकादशी का खास महत्व होता है। वरूथिनी एकादशी पवित्र बैसाख महीने में आती है। इस व्रत के प्रभाव से भक्त को सभी प्रकार के दुखों से मुक्ति मिलती है तो आइए हम आपको वरूथिनी एकादशी व्रत की पूजा-विधि और महत्व के बारे में बताते हैं। 

वरूथिनी एकादशी में विष्णु भगवान की पूजा होती है। वरूथिनी एकादशी बैसाख महीने की कृष्ण पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है। इस साल यह एकादशी 18 अप्रैल को पड़ रही है। 

इसे भी पढ़ें: चमत्कारी त्रिनेत्र गणेश मंदिर की सच्ची कहानी, यहां स्वयंभू प्रकट हुई थी प्रतिमा

वरूथिनी एकादशी है खास 

वरूथिनी एकादशी व्रत से प्राप्त होने वाला फल सूर्य ग्रहण के दौरान किए गए दान के समान होता है। इस व्रत के प्रभाव से सभी दुखी प्राणियों को सुख मिलता है तथा राजा को स्वर्ग प्राप्त होता है। वरूथिनी एकादशी में वरूथिनी शब्द संस्कृत भाषा के वरूथिन से बना हुआ है जिसका अर्थ होता है प्रतिरक्षक या कवच। इस प्रकार वरूथिनी एकादशी व्रत करने से विष्णु भगवान भक्तों की सभी प्रकार के संकट से रक्षा करते हैं।   

वरूथिनी एकादशी का महत्व 

हिन्दू धर्म में वरूथिनी एकादशी का खास महत्व होता है। इस एकादशी को सौभाग्य और पुण्य प्रदान करने वाला कहा गया है। इस व्रत को करने से सारे पाप और कष्ट मुक्त हो जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि वरुथिनी एकादशी व्रत का प्रभाव कन्या दान से मिलने वाले फल के समान होता है। 

इसे भी पढ़ें: बैसाखी पर ही गुरु गोविंद सिंहजी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी

वरूथिनी एकादशी में ऐसे करें पूजा 

वरूथिनी एकादशी की पूजा बहुत खास होती है। इस दिन भगवान मधुसूदन और विष्णु के वराह अवतार की पूजा होती है। एकादशी व्रत में उपवास तो एकादशी के दिन रखा जाता है लेकिन दशमी की रात से व्रती को भोजन त्याग देना चाहिए। साथ ही दशमी के दिन से ही व्रत के नियमों का पालन प्रारम्भ कर देना चाहिए। इसके लिए दशमी के दिन मसूर की दाल और बैंगन का सेवन नहीं करना चाहिए। साथ ही दशमी के दिन केवल एक बार ही भोजन ग्रहण करें। दशमी के दिन भोजन हमेशा सात्विक करें।

वरूथिनी एकादशी के दिन सुबह जल्‍दी उठें। प्रातः नित्य कर्म से निवृत हो कर घर की साफ-सफाई करें और स्नान कर साफ कपड़े पहनें। उसके बाद व्रत करने का संकल्प करें। घर के मंदिर की साफ-सफाई करें। उसके बाद विष्णु भगवान के वराह अवतार की पूजा करें। पूजा के दौरान वरूथिनी एकादशी व्रत की कथा पढ़े और प्रसाद चढ़ाकर भगवान से प्रार्थना करें। एकादशी की रात में सोएं नहीं बल्कि रात्रि जागरण में कीर्तन करें। द्वादशी के दिन ब्राह्मण को भोजन करा कर दान दें। उसके बाद पारण करें। 

इसे भी पढ़ें: संतान प्राप्ति की अगर आप रखती हैं प्रबल इच्छा तो जरूर अपनाएं यह अचूक उपाय

वरूथिनी एकादशी से जुड़ी कथा

प्राचीन काल में वरूथिनी एकादशी से जुड़े एक कथा प्रचलित है। इस कथा के अनुसार नर्मदा नदी के किनारे मांधाता नाम के राजा राज्य करते थे। राजा मांधाता बहुत दानी और तपस्वी स्वभाव के थे। एक बार वह राजा जंगल में तपस्या कर रहे थे। उसी समय एक भालू आया और वह राजा के पैर खाने लगा। लेकिन राजा तपस्या में लीन थे इसलिए उन्होंने भालू को कुछ नहीं कहा और विष्णु भगवान को याद करने लगे। इस प्रकार विष्णु भगवान प्रकट हुए और उन्होंने राजा को भालू से बचा लिया। लेकिन जब तक विष्णु भगवान ने राजा को बचाया तब तक भालू ने राजा के पैरो को बहुत जख्मी कर दिया था। राजा मांधता के पैरों को बहुत नुकसान हो गया। तब विष्णु भगवान ने राजा को वृंदावन जाकर वरूथिनी एकादशी करने के कहा। वरूथिनी एकादशी व्रत के प्रभाव से राजा के पैर पहले की तरह ठीक हो गए। 

व्रत में रखें सावधानी

हिन्दू धर्म में वरूथिनी एकादशी व्रत का विशेष महत्व होता है। इसलिए वरूथिनी एकादशी व्रत में सावधानी बरतें। इस दिन व्रती को सत्य बोलना चाहिए और झूठ बोलने से बचें। एकादशी के दिन क्रोध न करें और ब्रह्मचर्य का पालन करें। साथ ही कांसे के बर्तन में फलाहार न करें। व्रत के दिन जुआ नहीं खेलना चाहिए। इसके अलावा एकादशी के दिन पान नहीं खाएं और दातुन का प्रयोग न करें। जो भक्त एकादशी का व्रत नहीं करते हैं उऩ्हें एकादशी के दिन चावल नहीं खाने चाहिए।

- प्रज्ञा पाण्डेय

प्रमुख खबरें

Crude Oil संकट से बढ़ेगी महंगाई? Petrol-Diesel की मांग घटी, देश की Economy पर मंडराया बड़ा खतरा।

SEBI का ऑपरेशन क्लीन: Financial Fraud के आरोप में Rajesh Exports पर बड़ी कार्रवाई, ट्रेडिंग पर रोक।

Kuwait Drone Attack में भारतीय की मौत, US-Iran तनाव के बीच Middle East में बढ़ा खतरा

French Open में बड़ा उलटफेर, World No.1 Aryna Sabalenka हुईं बाहर, Diana Shnaider सेमीफाइनल में