By अंकित सिंह | Jun 29, 2023
मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य बोर्ड के छात्रों के लिए वीर सावरकर की जीवनी को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने का निर्णय लिया है। मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने देश के स्कूली पाठ्यक्रम की आलोचना करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने भारत के सच्चे क्रांतिकारियों के बारे में नहीं पढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम सच्चे नायकों की जीवनियां शामिल करेंगे और नए पाठ्यक्रम में वीर सावरकर, भगवद गीता संदेश, भगवान परशुराम, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु और अन्य शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (उप्र बोर्ड) ने नौवीं से 12वीं तक की कक्षा के नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम में विनायक दामोदर सावरकर, छत्रपति शिवाजी, बिरसा मुंडा सहित 50 महापुरुषों की जीवनगाथा शामिल की है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने ‘वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक’ का नाम बदल कर हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर और ‘मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक’ (एमटीएचएल) का पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दे दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वर्सोवा बांद्रा सी लिंक को स्वातंत्र्यवीर सावरकर सागरी सेतु और एमटीएचएल को अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शिवडी-न्हावा शेवा अटल सेतु के नाम से जाना जाएगा।