By अनन्या मिश्रा | Nov 26, 2026
आज ही के दिन यानी की 26 नवंबर को भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन का जन्म हुआ था। वह एक भारतीय डेयरी इंजीनियर और सामाजिक उद्यमी थे। उन्होंने भारत में दूध उत्पादन को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने भारत में 'ऑपरेशन फ्लड' की शुरूआत की थी। तो आइए जानते हैं उनकी बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर डॉ. वर्गीज कुरियन के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
केरल के कोझिकोड़ में 26 नवंबर 1921 को वर्गीज कुरियन का जन्म हुआ था। उन्होंने साल 1940 में लॉयला कॉलेज से स्नातक किया। इसके बाद चेन्नई के गिंडी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से डिग्री प्राप्त की थी। जमशेदपुर स्थित टेस्को में कुछ समय काम करने के बाद उनको डेयरी इंजीनियरिंग में पढ़ाई करने के लिए भारत सरकार द्वारा स्कॉलरशिप दी गई थी। बेंगलुरु के इंपीरियल इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल हजबेंड्री एंड डेयरिंग में विशेष प्रशिक्षण लेने के बाद वह अमेरिका गए। यहां पर साल 1948 में उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में अपनी मास्टर डिग्री हासिल की।
इसे भी पढ़ें: Jagadish Chandra Bose Death Anniversary: जगदीश चंद्र बोस के प्रयोगों ने दुनिया को दिखाई विज्ञान की नई राह
वर्गीज कुरियन का सपना था कि देश को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर करने के साथ-साथ किसानों की दशा को सुधारना। इसके लिए उन्होंने त्रिभुवन भाई पटेल के साथ मिलकर खेड़ा जिला सहकारी समिति की शुरूआत की थी। साल 1949 में कुरियन ने गुजरात में दो गावों को सदस्य बनाया और डेयरी सहकारिता संघ की स्थापना की। कुरियन दुनिया के पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने भैंस के दूध से पाउडर का निर्माण किया था।
इससे पहले गाय के दूध से पाउडर बनाया जाता था। अमूल की सफलता के बाद तत्कालीन पीएम लालबहादुर शास्त्री ने दूसरी जगहों पर अमूल मॉडल को फैलाने के लिए राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड बनाया। इस बोर्ड का अध्यक्ष डॉ कुरियन को बनाया गया। फिर साल 1970 में राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड ने 'ऑपरेशन फ्लड' की शुरूआत की थी। इससे भारत दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक देश बना। साल 1965 से लेकर 1998 तक वह करीब 33 सालों तक राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड के अध्यक्ष रहे।
साल 1999 में भारत सरकार द्वारा डॉ वर्गीज कुरियन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। इससे पहले साल 1993 में डॉ कुरियन को अमेरिका के इंटरनेशनल पर्सन ऑफ द ईयर चुना गया। साल 1966 में पद्म भूषण, साल 1965 में पद्मश्री और साल 1963 में रैमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
वहीं 09 सितंबर 2012 में 90 साल की उम्र में वर्गीज कुरियन का निधन हो गया था।