दिग्गज अभिनेता Nana Patekar का Goa स्थित घर में 75 वर्ष की उम्र में निधन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 08, 2026

पणजी, आठ अक्टूबर गैर-पारंपरिक, जटिल, संजीदा और विविध... कई विशेषण, एक शख्सियत—नाना पाटेकर। ये विशेषण नाना पाटेकर के व्यक्तित्व का जितना वर्णन करते हैं, उतना ही उस अभिनेता की पर्दे पर साफ नजर आने वाली संजीदगी के बारे में भी बताते हैं। ‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’, ‘यशवंत’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग विधाओं को साधते हुए पाटेकर ने स्टारडम को छुआ जरूर, लेकिन कभी पूरी तरह उसके वश में नहीं हुए।

अपने निधन से महज चार दिन पहले पणजी के पास समुद्र तटीय इलाके डोना पाउला में एक कार्यक्रम में पाटेकर ने कहा था, ‘‘हम सभी को एक दिन जाना है। मुझे नहीं पता कि मैं कल यहां रहूंगा या नहीं। हर किसी के जीवन में वह समय आता है।

लेकिन उससे पहले हमें सोचना चाहिए... क्या मैं वह कर पा रहा हूं जो मैं करना चाहता हूं?’’ उनके ये शब्द अब भविष्यवाणी जैसे लगते हैं और उनके जीवन के दर्शन को भी प्रतिबिंबित करते हैं। पाटेकर का जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहा। 2018 में अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

इस विवाद ने भारत में ‘मीटू’ आंदोलन को गति देने में भूमिका निभाई। पाटेकर ने आरोपों से इनकार किया था। पिता का कारोबार डूबने के बाद किशोरावस्था में ही वह परिवार का भरण-पोषण करने लगे थे।

स्कूल के दिनों में ही उन्हें रंगमंच से लगाव हो गया और फिल्मों ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। विजया मेहता के नाटक ‘हमीदाबाईची कोठी’ से रंगमंच पर उन्हें पहचान मिली और इसके बाद कई चर्चित मंचीय भूमिकाएं मिलीं। पाटेकर ने कई साक्षात्कारों में दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल को फिल्मों में आने के लिए प्रेरित करने का श्रेय दिया था।

उन्होंने बताया था कि वह झिझक रहे थे क्योंकि उन्हें लगता था कि उनके सांवले रंग के कारण उन्हें फिल्मों में अस्वीकार कर दिया जाएगा। 1978 में मुजफ्फर अली की फिल्म ‘गमन’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर कदम रखा। इस फिल्म में स्मिता पाटिल और फारुख शेख मुख्य भूमिकाओं में थे।

इसके बाद ‘सिंहासन’, ‘गिद्ध’, ‘आज की आवाज’, ‘अंकुश’ और ‘प्रतिघात’ जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया। 1988 में मीरा नायर की ‘सलाम बॉम्बे!’ में स्थानीय गुंडे और ड्रग डीलर की भूमिका ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। ऑस्कर के लिए नामांकित इस फिल्म ने उन्हें समीक्षकों द्वारा प्रशंसित अभिनेताओं की अग्रिम पंक्ति में पहुंचा दिया।

1990 में विधु विनोद चोपड़ा की ‘परिंदा’ में उन्होंने मुख्य खलनायक अन्ना की भूमिका निभाई। उनके शांत लेकिन खौफनाक अंदाज में निभाए गए इस किरदार के लिए उन्हें अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। 1994 की हिट फिल्म ‘क्रांतिवीर’ में स्वतंत्रता सेनानी के भटके हुए बेटे की भूमिका के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का दूसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।

फिल्म में उनका किरदार बाद में गरीबों के अधिकारों के लिए लड़ने वाला व्यक्ति बन जाता है। 1996 की ‘अग्नि साक्षी’ में एक हिंसक और पीछा करने वाले पति की भूमिका के लिए उन्हें तीसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रकाश झा की ‘अपहरण’ और ‘राजनीति’, मराठी फिल्म ‘नटसम्राट’, हास्य फिल्म ‘वेलकम’ और ‘वेलकम बैक’, तमिल फिल्म ‘काला’, संजय लीला भंसाली की पहली फिल्म ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, गुलजार की ‘हू तू तू’ और राम गोपाल वर्मा की ‘भूत’ में उनकी भूमिकाएं एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थीं।

सिर्फ अभिनय तक सीमित न रहते हुए पाटेकर ने अपने करियर के चरम पर फिल्म निर्देशन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ का निर्देशन किया और इसमें मराठा लाइट इन्फैंट्री के अधिकारी की भूमिका निभाई। इस भूमिका के लिए उन्होंने दो साल तक प्रशिक्षण लिया।

बाद में इसी प्रशिक्षण का इस्तेमाल उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान किया। उन्होंने तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस से युद्ध क्षेत्र में सैनिकों के साथ जाने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद वह सेना की क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा बने।

फिल्मों से आगे सामाजिक सरोकारों से जुड़ा उनका पक्ष भी उनके व्यक्तित्व का अहम हिस्सा था। महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में जल संरक्षण और जल संचयन के लिए उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से काम किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके निधन पर कहा, ‘‘आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को उन्होंने जो सहायता दी, वह कई परिवारों के लिए सहारा बनी।

नाना केवल एक बेहतरीन कलाकार और अभिनेता ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति बेहद संवेदनशील व्यक्ति भी थे।’’ ‘क्रांतिवीर’ में सांप्रदायिक सौहार्द पर उनका संवाद—‘‘ये मुसलमान का खून, ये हिंदू का खून, बता इसमें मुसलमान का कौन सा, हिंदू का कौन सा’’—मुख्यधारा की हिंदी फिल्म में सांप्रदायिक सद्भाव के सबसे प्रभावशाली दृश्यों में आज भी उद्धृत किया जाता है। इसके बाद उन्होंने अपनी बेहतरीन हास्य टाइमिंग का परिचय देते हुए ‘वेलकम’ में उदय शेट्टी का किरदार निभाया—एक ऐसा गुंडा जो अभिनेता बनने की महत्वाकांक्षा रखता है और गुस्से की समस्या से जूझता है। उसका खुद से कहा जाने वाला संवाद, ‘‘कंट्रोल उदय’’, आज लोकप्रिय मीम और रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बन चुका है।

पाटेकर की अभिनय क्षमता का दायरा इतना व्यापक था कि वह ‘वेलकम’ के उदय शेट्टी से लेकर ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ के शांत, मूक-बधिर पिता और पति जोसेफ ब्रैगांजा तक को समान सहजता से निभा सकते थे। रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में मराठी परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे विश्वनाथ पाटेकर के रूप में जन्मे नाना के पिता का छोटा कारोबार था, जो बाद में बंद हो गया। दिसंबर 2024 में ‘पीटीआई भाषा’ से बातचीत में उन्होंने बताया था कि उनका मंचीय नाम नाना कैसे पड़ा।

उन्होंने कहा था, ‘‘एक आंटी मुझे पहले नानू-नानू कहती थीं। वहीं से यह शुरू हुआ। अब तो मेरे पासपोर्ट में भी नाना नाम है।’’ पाटेकर ने ‘बॉम्बे टाइम्स’ को बताया था कि महज 13 साल की उम्र में उन्हें काम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

वह एक पारसी कारोबारी के लिए फिल्म के पोस्टर छापने का काम करने के लिए कई मील पैदल जाते थे और इसके बदले उन्हें 35 रुपये मिलते थे। जब उनके पिता का निधन हुआ, तब पाटेकर 28 वर्ष के थे और फिल्मों में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। पिता की मृत्यु का दुख उनके मन में हमेशा रहा।

परिवार की आर्थिक मुश्किलें लंबे समय तक जारी रहीं। स्नातक की पढ़ाई के बाद उन्होंने एक विज्ञापन कंपनी में नौकरी की, लेकिन रंगमंच से जुड़े रहे। इसी दौरान उन्होंने नीलकांति से शादी की, जो बैंक में काम करती थीं और शौकिया तौर पर रंगमंच से जुड़ी थीं।

दंपति के एक बच्चे का जन्म हुआ, जो जन्म से ही कटे होंठ की समस्या से पीड़ित था और ढाई साल की उम्र में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उनके दूसरे बेटे मल्हार का जन्म हुआ। आर्थिक और निजी तनाव के इन वर्षों ने उन पर गहरा असर डाला और शायद यही वजह रही कि उनकी कई फिल्मों के किरदारों में गुस्से और आक्रोश की झलक दिखाई दी।

2018 में तनुश्री दत्ता के आरोपों के बाद पाटेकर सुर्खियों में आए। उन्होंने आरोपों का जोरदार खंडन किया था। प्राथमिकी दर्ज हुई और मामला स्थानीय अदालत में गया, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के कारण इसे बंद कर दिया गया।

‘वनवास’ की शूटिंग के दौरान एक प्रशंसक को थप्पड़ मारने का उनका वीडियो भी वायरल हुआ था। बाद में फिल्म की टीम ने कहा था कि यह शूटिंग का हिस्सा था। इस साल फरवरी में रिलीज हुई विशाल भारद्वाज की ‘ओ’ रोमियो’ में डीसीपी इस्माइल खान की भूमिका उनका आखिरी प्रमुख किरदार था।

इसमें वह एक ऐसे अधिकारी के रूप में नजर आए थे जो भारत में सक्रिय एक डॉन को निशाना बनाने के लिए एक गैंगस्टर को तैयार करता है। फिल्म के प्रचार के दौरान देरी से नाराज होकर पाटेकर बीच में ही प्रचार अभियान छोड़कर चले गए थे। जब परिवार, मित्र और प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं, तब ‘वेलकम’ का वह दृश्य याद आता है जो अनेक मुद्दों पर बने अनगिनत मीम में बार-बार नजर आता है, जिसमें पाटेकर का किरदार जोर-जोर से हंसता है।

फिल्मों से निकलकर समकालीन लोकप्रिय संस्कृति तक पहुंची यह छवि शायद इसी तरह प्रशंसकों की स्मृतियों में नाना पाटेकर को जीवित रखेगी।

प्रमुख खबरें

Delhi में Cockroach Janata Party के प्रदर्शन से पहले 20000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

होर्मुज में टैंकर हमलों के बाद Crude Oil में उछाल Brent Crude 105 डॉलर पार पहुंचा

राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसद राजघाट से निकले, कल फिर से विरोध प्रदर्शन की तैयारी!

Asian Games में बैडमिंटन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, बोले पूर्व कोच Prakash Padukone