विजय रूपानी होंगे गुजरात के CM, नितिन पटेल बनेंगे डिप्टी CM

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 05, 2016

अहमदाबाद। विजय रूपानी गुजरात के नये मुख्यमंत्री होंगे। आज शाम हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नया नेता चुना गया। रूपानी आनंदी बेन की जगह लेंगे। जैन समुदाय से आने वाले रूपानी राजकोट पश्चिम से विधायक हैं और राज्य भाजपा अध्यक्ष होने के अलावा वह राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वस्त माने जाने वाले रूपानी का नाम चौंकाने वाला रहा क्योंकि इससे पहले नितिन पटेल का नाम सबसे आगे चल रहा था। पटेल नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री होंगे।

 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए यहां आए हुए हैं। उन्होंने नये मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी नेताओं के साथ गहन विचार विमर्श किया। उन्होंने इस दौरान राज्य के भाजपा प्रभारी दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) वी सतीश, पार्टी कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र पटेल, शिक्षा मंत्री भूपेंद्रसिंह चूड़ासमा और राज्य के पूर्व भाजपा प्रमुख आरसी फालदू सहित विभिन्न लोगों से मुलाकात की। शाह ने गुरुवार को नितिन पटेल से भी मुलाकात की थी। आनंदीबेन नवंबर में 75 वर्ष की होने जा रही हैं। उन्होंने बुधवार को राज्यपाल ओपी कोहली को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

 

विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा महासचिव सरोज पांडे उपस्थित थीं। विधायक दल की बैठक के बाद गडकरी ने मुख्यमंत्री पद के लिए रूपानी और उप मुख्यमंत्री पद के लिए पटेल के नाम का ऐलान किया।

 

बताया जा रहा है कि रूपानी के नाम पर आनंदी बेन को आपत्ति थी लेकिन उनकी बात को दरकिनार कर दिया गया। विधायक दल की बैठक में आनंदी बेन काफी असहज नजर आ रही थीं।

 

प्रमुख खबरें

बांग्लादेशी नेता हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी भारत में शरण में, ढाका पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ट्रंप–जेलेंस्की मुलाकात से शांति की उम्मीद, यूक्रेन युद्ध पर निर्णायक बातचीत की तैयारी

कोल इंडिया की आठ सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में उतारेगी सरकार, पारदर्शिता पर जोर

IPO की तैयारी में Zepto, 10 मिनट डिलीवरी का स्टार्टअप बड़े दांव के लिए तैयार, शेयर बाजार में खलबली!