Tamil Nadu में TVK का कमाल, Vijay के वादों का पिटारा- 8 ग्राम सोना, 5 लाख Jobs और किसानों की कर्जमाफी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 04, 2026

 नए दल के रूप में चुनाव मैदान में उतरी टीवीके के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने और सरकार बनाने की संभावना के बीच अब अभिनेता से नेता बने विजय के चुनावी वादों पर लोगों की नजर है। इनमें विवाह के लिए 8 ग्राम सोना देने का वादा भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 1,40,000 रुपये (22 कैरेट) बताई गई है। पार्टी के घोषणापत्र में विजय ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता, विवाह के लिए आठ ग्राम सोना और हर परिवार को साल में छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का आश्वासन दिया है।

घोषणापत्र में शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है। स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए सरकारी और राज्य सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को वार्षिक 15,000 रुपये देने का वादा किया गया है। विजय ने राज्य में शिक्षा में क्रांति लाने का श्रेय पाने वाले प्रसिद्ध नेता के. कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल स्थापित करने और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण देने का वादा किया है। टीवीके के संस्थापक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंत्रालय, कृत्रिम बुद्धिमत्ता विश्वविद्यालय और कृत्रिम बुद्धिमत्ता नगर स्थापित करने की भी घोषणा की है।

घोषणापत्र में कृषि क्षेत्र के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया गया है। पार्टी ने वादा किया है कि पांच एकड़ से कम भूमि रखने वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण पूरी तरह माफ किए जाएंगे, जबकि इससे अधिक भूमि वाले किसानों को 50 प्रतिशत ऋण की माफी दी जाएगी। इसके अलावा, धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का भी आश्वासन दिया गया है।

युवा बेरोजगारी को लेकर विजय ने पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करने और उतनी ही संख्या में भत्तायुक्त प्रशिक्षण अवसर देने का वादा किया है। बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों सहित अनुबंध कर्मियों को नियमित करने का आश्वासन दिया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने नशामुक्त तमिलनाडु का संकल्प लिया है। विजय ने अस्पतालों के आधुनिकीकरण, हर वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये तक की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का भी वादा किया है।

घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए प्रति माह 3,000 रुपये की पेंशन, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, भूमि स्वामित्व दस्तावेजों का नियमितीकरण और सभी घरों को 100 प्रतिशत पाइप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं। टीवीके द्वारा किए गए कुछ नीतिगत हस्तक्षेपों में यह भी शामिल है कि सामुदायिक प्रमाणपत्र और भूमि स्वामित्व दस्तावेज जैसी आवश्यक सरकारी सेवाओं को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने की कानूनी गारंटी दी जाएगी।

विजय ने घर-घर तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का भी वादा किया है, जिसके तहत राशन जैसी सुविधाएं सीधे लोगों के घर तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनके शासन में कारोबार करने में आसानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और व्यापारिक लाइसेंस 21 दिनों के भीतर जारी करने की सख्त गारंटी दी जाएगी। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान किया गया था।

प्रमुख खबरें

Misleading Claims पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, Dabur को 100% Natural टैग वाले उत्पाद वापस लेने का Order

Swiggy Instamart Expansion: 2031 तक 5 गुना ज्यादा Order Value का लक्ष्य, ₹10,000 करोड़ की कमाई पर टिका दांव

US Supreme Court के बड़े फैसले के बाद Amazon को मिला $600 Million रिफंड, ग्राहकों को भी होगा भारी फायदा

Luis Suarez की गैरमौजूदगी में Lionel Messi का जलवा, Inter Miami ने San Luis को 4-2 से रौंदा